बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान और उनकी गर्लफ्रेंड लेखा वाशिंगटन का रिश्ता लंबे अरसे से चर्चा में है। एक ओर जहां इस जोड़ी को प्रशंसकों का खूब स्नेह मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर लेखा वाशिंगटन को सोशल मीडिया पर 'होमब्रेकर' और 'चरित्रहीन' जैसे तीखे शब्दों से निशाना भी बनाया गया है। अब इस पूरे विवाद पर अपनी खामोशी तोड़ते हुए लेखा ने समाज की इस संकीर्ण सोच को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने दो टूक कहा कि वे किसी और की राय के हिसाब से खुद को कमतर नहीं आंकेंगी।
'ये शब्द मेरी पहचान नहीं तय करते'
एक इंटरव्यू में लेखा वाशिंगटन ने बताया कि महज 16 साल की उम्र से ही उन्हें चेन्नई और दूसरी जगहों पर तरह-तरह के नामों से पुकारा जाता रहा है। उन्होंने कहा, 'महिलाओं को दबाने और नियंत्रित करने के लिए अकसर चरित्रहीन और होमब्रेकर जैसे लेबल इस्तेमाल किए जाते हैं। ये शब्द मेरी पहचान तय नहीं करते। मैं किसी और की निगाहों में खुद को छोटा नहीं बनाती।'
'रिश्ते की हकीकत किसी को नहीं पता'
लेखा ने आगे कहा, 'आज मैं जहां हूं, मजबूती से खड़ी हूं। जो लोग ऐसे शब्द कहते हैं, उन्हें हमारे रिश्ते की असलियत नहीं मालूम। किसी और के रिश्ते की बारीकियों को कोई नहीं समझता, फिर वे जजमेंट कैसे पास कर सकते हैं? मैं अपने काम को लेकर बातचीत करना ज्यादा पसंद करूंगी।' उन्होंने भावुक होते हुए जोड़ा, 'मुझे इस बात का दुख है कि मेरे सालों के मौलिक काम और कला को नजरअंदाज करके लोग मुझे सिर्फ एक पुरुष के नाम से जोड़कर देखने लगते हैं।'
इमरान खान ने भी की थी पैरवी
यह पहला मौका नहीं है जब इस रिश्ते पर बात हुई हो। कुछ समय पहले खुद इमरान खान ने लेखा का बचाव करते हुए समाज की पितृसत्तात्मक सोच पर सवाल खड़े किए थे। इमरान ने कहा था, 'लेखा को होमब्रेकर कहना न केवल महिला-विरोधी है, बल्कि यह एक व्यक्ति के रूप में मेरे अपने फैसलों को भी कमतर आंकता है।' उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि दोनों लॉकडाउन के दौरान करीब आए थे, जब वे अपनी एक्स पत्नी अवंतिका मलिक से अलग हो चुके थे।
15 साल पुरानी जान-पहचान, लॉकडाउन में बढ़ीं नजदीकियां
अपने रिश्ते के शुरुआती दौर को याद करते हुए लेखा ने बताया कि वे दोनों बीते 15 सालों से एक-दूसरे को जानते थे और एक ही दोस्तों के समूह का हिस्सा थे। कोविड-19 लॉकडाउन के समय उनके बीच नजदीकियां बढ़ीं।
'कोई परियों की कहानी नहीं थी हमारी प्रेम कहानी'
भावुक होकर लेखा ने कहा, 'जब इमरान और मैंने डेटिंग शुरू की, तो यह किसी परियों की कहानी जैसा रोमांस नहीं था। यह इस टूटी हुई दुनिया में दो टूटे हुए लोगों की कहानी थी, जो अपने बिखरे टुकड़ों को समेटकर जिंदगी में कुछ बेहतर करने की कोशिश कर रहे थे और मैं उस इंसान से बेपनाह प्यार करती हूं।' उन्होंने यह भी साझा किया कि इस सफर में उनका परिवार और इमरान की बेटी इमारा भी शामिल हैं, जिससे यह रिश्ता और भी परिपक्व और गहरा हो जाता है।
2024 में सुर्खियों में आया था रिश्ता
गौरतलब है कि साल 2024 में मोनिका डोगरा द्वारा आयोजित एक गेट-टुगेदर में लेखा और इमरान साथ नजर आए थे, जिसके बाद उनका रिश्ता चर्चा में आया। वर्कफ्रंट की बात करें तो इमरान खान 'जाने तू या जाने ना', 'आई हेट लव स्टोरीज', 'ब्रेक के बाद', 'दिल्ली बेली' और 'मटरू की बिजली का मंडोला' जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाते हैं। हाल ही में वे आमिर खान की प्रोडक्शन 'हैप्पी पटैल' में दिखाई दिए थे। दूसरी ओर, लेखा वाशिंगटन ने तेलुगु और तमिल फिल्मों में काम किया है और एक अभिनेत्री व कलाकार के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई है।
https://hindi.news18.com/photogallery/entertainment/bollywood-imran-khan-girlfriend-lekha-washington-opens-up-about-her-pain-on-being-called-homewrecker-hits-back-at-trolls-10552920.html