टी20 क्रिकेट में वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का जलवा बीते कुछ दिनों में सबने देखा है। उनका बल्ला मानो आग उगल रहा था और कोई भी गेंदबाज उनके सामने टिक नहीं पा रहा था। लेकिन जैसे ही उन्होंने टी20 की दुनिया छोड़कर वनडे फॉर्मेट में कदम रखा, उनकी चमक फीकी पड़ गई। न तो वे पहले की तरह चौके-छक्के बरसा पाए और न ही उनका स्ट्राइक रेट प्रभावी रहा। हालांकि सीरीज अभी बाकी है, इसलिए खुद को साबित करने के लिए उनके पास आगे कई मौके रहेंगे।
भारत ए और श्रीलंका ए के बीच जारी है मुकाबला
श्रीलंका की धरती पर तीन देशों की ट्राई सीरीज का आगाज हो चुका है। इसका पहला मैच भारत ए और श्रीलंका ए के बीच खेला जा रहा है। भारतीय टीम के कप्तान तिलक वर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। पारी की शुरुआत करने सलामी जोड़ी के रूप में वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह मैदान पर उतरे। शुरुआत में प्रभसिमरन ने स्ट्राइक संभाली, मगर पहला ही ओवर मेडन रहा। इसके बाद उम्मीद थी कि वैभव अपना रंग दिखाएंगे, लेकिन वे बेरंग ही नजर आए।
12 गेंद पर 14 रन, सिर्फ तीन चौके
वैभव सूर्यवंशी ने महज 12 गेंदों का सामना किया और इस दौरान सिर्फ 14 रन ही बना सके। उनके बल्ले से तीन चौके निकले, जबकि एक भी छक्का न तो वे लगा सके और न ही उसकी कोशिश की। उनका स्ट्राइक रेट केवल 116.67 का रहा। कुछ दिन पहले तक उनसे इतने कम स्ट्राइक रेट की बल्लेबाजी की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। आईपीएल के दौरान ही उन्होंने आक्रामक तेवर दिखाते हुए सिर्फ 15 गेंदों पर अर्धशतक जड़ दिया था। हालांकि अब क्रिकेट का प्रारूप बदल चुका है और पिच का मिजाज भी अलग है। ऐसे में यह वैभव की असली परीक्षा थी।
ट्राई सीरीज में भारत ए के तीन मैच और बाकी
इस ट्राई सीरीज में भारत और श्रीलंका के अलावा तीसरी टीम अफगानिस्तान की है। सभी टीमें लीग चरण में एक-दूसरे के खिलाफ दो-दो मुकाबले खेलेंगी, यानी कुल मिलाकर चार मैच खेलने को मिलेंगे। इसके बाद अंक तालिका में टॉप 2 में रहने वाली दोनों टीमें सीधे फाइनल में जगह बना लेंगी। इसका मतलब है कि वैभव के पास अपना दमखम दिखाने के लिए अभी तीन मैच और बचे हैं। हालांकि श्रीलंका की पिचों पर उनके लिए रन बनाना आसान नहीं रहने वाला। अब देखना यह होगा कि आने वाले मुकाबलों में वे कैसा प्रदर्शन करते हैं।
https://www.indiatv.in/sports/cricket/vaibhav-sooryavanshi-failed-in-odis-his-bat-failed-in-the-tri-series-in-india-a-vs-sri-lanka-a-2026-06-09-1223889