कांगड़ा में भूकंप का कहर: 5 गांवों के कई मकानों में दरारें, सहमे ग्रामीण

हिमाचल के कांगड़ा जिले के धर्मशाला और शाहपुर में 5 जून को आए भूकंप से कई कच्चे मकान और एक अस्पताल क्षतिग्रस्त हुए, जिससे करीब 50 से 60 परिवार प्रभावित हैं। विधायक केवल सिंह पठानिया ने प्रभावित गांवों का दौरा कर सर्वे और मुआवजा प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।

हिमाचल प्रदेश में 5 जून को आए भूकंप ने कई इलाकों में घरों को क्षति पहुंचाई है। रात करीब 10.04 बजे 5 तीव्रता का झटका महसूस हुआ, जिसके बाद धरती दो बार और कांपी और 2.8 तथा 3 तीव्रता के भूकंप दर्ज किए गए। इन झटकों से चंबा और कांगड़ा जिलों में कई मकानों को नुकसान पहुंचा है।

कहां-कहां हुआ नुकसान

मिली जानकारी के अनुसार कांगड़ा के धर्मशाला और शाहपुर में कई स्थानों पर घरों की दीवारों में दरारें पड़ गई हैं, जबकि कैरी पंचायत में तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अलावा पालमपुर के सिविल अस्पताल की दूसरी मंजिल की छत को भी नुकसान पहुंचा है। लगातार आए झटकों से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं।

विधायक ने किया प्रभावित गांवों का दौरा

शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के भूकंप प्रभावित गांवों भौंठु, रावा, खड़ी बही, करेरी और नौरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हुए नुकसान का बारीकी से जायजा लिया।

पठानिया ने प्रभावित परिवारों के घरों में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उल्लेखनीय है कि 5 जून की रात आए भूकंप से इस क्षेत्र के लगभग 50 से 60 परिवार प्रभावित हुए हैं और सबसे ज्यादा क्षति कच्चे मकानों को पहुंची है।

सर्वे और मुआवजे के निर्देश

उपमुख्य सचेतक ने राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित घरों का शीघ्र सर्वेक्षण कर नुकसान का विस्तृत आकलन किया जाए और रिपोर्ट तुरंत सरकार को भेजी जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द राहत और उचित मुआवजा दिलाया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार भूकंप प्रभावित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और किसी भी परिवार को मुश्किल में अकेला नहीं छोड़ा जाएगा।

पठानिया ने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र का हर नागरिक उनके परिवार का हिस्सा है और इस कठिन समय में वे स्वयं प्रभावित लोगों के साथ खड़े रहकर हर संभव सहायता सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, बिजली और अन्य जरूरी सुविधाओं की स्थिति पर निरंतर नजर रखी जाए, जिससे लोगों को किसी तरह की अतिरिक्त परेशानी न झेलनी पड़े।

दौरे में ये अधिकारी रहे मौजूद

इस मौके पर जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, डीएफओ अमित शर्मा, शाहपुर के तहसीलदार दीक्षांत ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता नीरज गर्ग, उपमुख्य सचेतक के सलाहकार विनय, कानूनगो देवेंद्र, रावा-खड़ी बही पंचायत की प्रधान रानी देवी और उपप्रधान हेमराज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/dharamsala-after-earthquake-cracks-found-on-dozens-of-houses-in-shahpur-area-local18-ws-l-10552575.html