पाली के बांगड़ अस्पताल को अब गुटखे और तंबाकू की पीक से जल्द छुटकारा मिलने वाला है। अस्पताल परिसर को साफ-सुथरा और सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। अब अस्पताल के प्रवेश द्वार पर निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ-साथ 12 होमगार्ड जवान भी तैनात कर दिए गए हैं, जिनमें दो महिला जवान शामिल हैं। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति जेब में तंबाकू या मुंह में गुटखा दबाकर अस्पताल में दाखिल होने की सोच रहा है, तो उसे अब सतर्क रहना होगा।
एंट्री गेट पर ही होगी जांच
बांगड़ अस्पताल में निजी सुरक्षाकर्मियों के साथ अब वर्दीधारी 12 होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। ये जवान अस्पताल की सुरक्षा संभालने के साथ-साथ परिसर में गंदगी फैलाने वालों पर भी नजर रखेंगे। अस्पताल के प्रवेश बिंदु पर तैनात ये जवान अंदर आने वाले लोगों की जांच करेंगे और यदि किसी के पास गुटखा, तंबाकू या पान मिलता है तो उसे बाहर ही रखवा दिया जाएगा, ताकि परिसर के भीतर कोई गंदगी न कर सके।
दीवारों के दाग बने वजह
बांगड़ अस्पताल की दीवारों के कोने पान और गुटखे की पीक से गंदे पड़े हुए हैं। काफी मेहनत के बावजूद ये दाग साफ नहीं हो पाते, जिससे अस्पताल का स्वरूप बदसूरत दिखता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने यहां 12 होमगार्ड जवानों को तैनात किया है, जिनमें दो महिला होमगार्ड भी शामिल रहेंगी।
कलेक्टर के निरीक्षण के बाद उठाया कदम
पाली के जिला कलेक्टर ने पदभार संभालने के बाद अस्पताल का निरीक्षण किया था और जो खामियां सामने आईं, उन्हें दूर करने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों में यह व्यवस्था भी शामिल थी। बांगड़ अस्पताल के अधीक्षक डॉ. कैलाश परिहार ने बताया कि जिला कलेक्टर के आदेश के बाद 12 होमगार्ड जवानों को लगाया गया है और इन्हें अस्पताल के सभी प्रवेश बिंदुओं पर तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि इन जवानों का काम सुरक्षा के साथ-साथ अस्पताल को गंदा होने से बचाना है। इसके लिए ये जवान आने वाले लोगों से पूछताछ करेंगे कि उनके पास पान, गुटखा या तंबाकू तो नहीं है और जांच भी करेंगे। यदि किसी के पास ये चीजें मिलती हैं तो उन्हें बाहर रखवा दिया जाएगा, ताकि अंदर जाकर वे अस्पताल को गंदा न करें।
पहले से तैनात हैं 32 निजी सुरक्षाकर्मी
अस्पताल में पहले से ही 32 निजी सुरक्षाकर्मी तैनात हैं, जो सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इनमें महिला और पुरुष दोनों शामिल हैं और इनका काम भी अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना है। होमगार्ड जवानों की तैनाती से इन्हें भी सहयोग मिलेगा और अस्पताल की व्यवस्थाओं को और बेहतर तरीके से संभाला जा सकेगा।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/pali-a-12-member-guard-detail-will-now-keep-watch-on-those-who-stain-the-walls-red-gutkha-and-tobacco-will-be-confiscated-right-at-the-gate-of-bangar-hospital-local18-ws-l-10552307.html