आईटीआई में दाखिले की तैयारी? पहले से जुटा लें ये जरूरी दस्तावेज, वरना होगी परेशानी

आईटीआई की विभिन्न ट्रेड में प्रवेश के इच्छुक युवाओं के लिए जून के अंतिम सप्ताह तक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू होगी। इस बार आवेदन के दौरान दस्तावेजों को लेकर कुछ नए बदलाव किए गए हैं।

आईटीआई की विभिन्न ट्रेड में दाखिला लेकर अपना भविष्य संवारने की सोच रहे युवाओं के लिए राहत भरी खबर है। अब तक रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू न होने से निराश छात्रों को परेशान होने की जरूरत नहीं है। जून के अंतिम सप्ताह में ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर आवेदन फॉर्म उपलब्ध करा दिए जाएंगे, जिसके बाद युवा फॉर्म भरकर अपनी पसंद की ट्रेड में प्रवेश ले सकेंगे। हालांकि इस बार प्रवेश प्रक्रिया कुछ बदलावों के साथ शुरू होगी।

मेरठ के साकेत स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के नोडल मीडिया प्रभारी कुलदीप सिंह ने बातचीत में बताया कि रजिस्ट्रेशन के बाद मेरिट के आधार पर दाखिला दिया जाएगा।

सरकार कर रही है कुछ बदलाव

नोडल मीडिया प्रभारी कुलदीप सिंह के अनुसार, इस समय सरकार युवाओं को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने पर खास ध्यान दे रही है। इसी क्रम में आईटीआई से जुड़ी कुछ नई ट्रेड में भी बदलाव किए जा रहे हैं, ताकि यहां प्रशिक्षण पाने वाले सभी युवा उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ सकें।

उन्होंने बताया कि इस बार ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के दौरान युवाओं को हाईस्कूल और आठवीं से जुड़े दस्तावेज अपलोड करने के साथ-साथ अपने हर विषय के अंकों का विवरण भी देना होगा। इससे पहले केवल मार्कशीट के कुल अंक ही अपलोड करने पड़ते थे। ऐसे में युवा अपने सभी दस्तावेज पहले से जुटाकर रख लें, ताकि ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में किसी तरह की दिक्कत न हो।

दाखिले के समय जरूरी हैं ये दस्तावेज

कुलदीप सिंह ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से रजिस्ट्रेशन करने वाले सभी युवाओं का प्रवेश मेरिट के आधार पर होगा, क्योंकि इसमें कुल प्राप्त अंकों को प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने बताया कि इसके लिए शैक्षिक दस्तावेज, मूल निवास प्रमाण पत्र और जाति प्रमाण पत्र बनवाना अनिवार्य है। युवा तहसील से ये सभी दस्तावेज पहले ही बनवा लें, ताकि दाखिले के समय कोई परेशानी न आए।

साकेत आईटीआई में उपलब्ध ट्रेड

साकेत आईटीआई की बात करें तो यहां इलेक्ट्रिक, मैकेनिकल, प्लंबर और कंप्यूटर हार्डवेयर समेत कई तरह की ट्रेड मौजूद हैं। वहीं आधुनिक ट्रेड में टाटा मोटर से जुड़ी विभिन्न ट्रेड भी संचालित की जा रही हैं, जिनमें युवा मात्र ₹40 प्रति महीने के शुल्क पर अध्ययन कर सकते हैं।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/meerut-iti-admissions-to-start-soon-with-new-rules-check-full-details-local18-10552293.html