अंडरआर्म्स की पसीने वाली बदबू से हैं परेशान? नहाने के बाद रगड़ें यह सफेद चीज, घंटों रहेंगे टेंशन फ्री

अंडरआर्म्स की दुर्गंध की असली वजह त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया होते हैं। आयुर्वेद विशेषज्ञ के अनुसार नहाने के बाद गीले अंडरआर्म्स पर फिटकरी रगड़ने से कई घंटों तक बदबू से राहत मिल सकती है।

गर्मी के मौसम में पसीना आना एक आम परेशानी है, जिससे लगभग हर कोई दो-चार होता है। अंडरआर्म्स में पसीना अधिक आता है, इसलिए शरीर के इस हिस्से से आने वाली दुर्गंध भी ज्यादा तेज होती है। कई लोगों के लिए यह बदबू शर्मिंदगी की वजह तक बन जाती है। अक्सर महंगे डियोड्रेंट और परफ्यूम लगाने के बाद भी कुछ ही घंटों में दुर्गंध दोबारा लौट आती है।

बदबू की असली वजह पसीना नहीं, बैक्टीरिया हैं

अंडरआर्म्स की बदबू की मुख्य जड़ बैक्टीरिया होते हैं। जब ये बैक्टीरिया पसीने के साथ मिलते हैं, तो दुर्गंध पैदा करते हैं। दरअसल त्वचा पर मौजूद ये जीवाणु पसीने को तोड़कर बदबू पैदा करने वाले तत्व बनाते हैं। यही वजह है कि जहां पसीना ज्यादा आता है, वहां बदबू भी उतनी ही तेज होती है। अगर आप भी इस समस्या से जूझ रहे हैं, तो फिटकरी आपको इससे राहत दिला सकती है।

क्या कहते हैं आयुर्वेद विशेषज्ञ

यूपी के अलीगढ़ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर और आयुर्वेदाचार्य डॉ. पीयूष माहेश्वरी के अनुसार, सेहत सुधारने के लिए फिटकरी का इस्तेमाल सदियों से होता आ रहा है। अपने एंटीबैक्टीरियल गुणों के कारण इसे शरीर की दुर्गंध घटाने में उपयोगी माना जाता है।

उनके मुताबिक, अगर नहाने के बाद गीले अंडरआर्म्स पर फिटकरी का टुकड़ा हल्के हाथों से रगड़ लिया जाए, तो बदबू पैदा करने वाले बैक्टीरिया कम हो सकते हैं और लंबे समय तक अंडरआर्म्स से दुर्गंध नहीं आती। शरीर के दूसरे हिस्सों पर भी, जहां ज्यादा पसीना आता है, फिटकरी लगाई जा सकती है।

फिटकरी इस्तेमाल करने का सही तरीका

आयुर्वेद एक्सपर्ट के अनुसार सबसे पहले नहाने के बाद अंडरआर्म्स को अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद हल्के गीले हिस्से पर फिटकरी का छोटा टुकड़ा धीरे-धीरे रगड़ें और कुछ मिनट तक इसे सूखने दें।

हालांकि एक सावधानी जरूरी है। अगर त्वचा पर कोई कट, जलन या रैशेज हो, तो फिटकरी लगाने से पहले एहतियात बरतें, क्योंकि इससे चुभन हो सकती है।

इन आदतों को भी अपनाएं

अंडरआर्म्स की बदबू से बचने के लिए सिर्फ फिटकरी ही काफी नहीं है। रोजाना नहाना, साफ कपड़े पहनना और त्वचा को सूखा रखना भी उतना ही जरूरी है। पसीने से भीगे कपड़ों को लंबे समय तक पहने रहने पर बैक्टीरिया तेजी से बढ़ सकते हैं।

कब लें डॉक्टर की सलाह

विशेषज्ञ का मानना है कि फिटकरी का उपयोग कुछ लोगों के लिए अंडरआर्म्स की दुर्गंध कम करने में मददगार हो सकता है, लेकिन इसका असर हर व्यक्ति में अलग-अलग होता है। अगर नियमित सफाई और घरेलू उपायों के बावजूद बदबू बहुत ज्यादा आती है या अचानक बढ़ गई है, तो यह किसी स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहता है, क्योंकि वे सही कारण का पता लगाकर उचित इलाज बता सकते हैं।

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-underarm-odor-problem-try-simple-natural-remedy-after-bath-underarm-se-badbu-kaise-dur-kare-10551938.html