पहली ही फिल्म ने रातोंरात बना दिया स्टार, 2002 के बाद लगी फ्लॉप की लाइन, फिर सनी देओल की फिल्म ने थामा डूबता करियर

करीब ढाई दशक से अभिनय की दुनिया में सक्रिय अमीषा पटेल ने डेब्यू फिल्म से ही स्टारडम पाया, पर 2002 के बाद उनकी फिल्में लगातार पिटती रहीं। 9 जून को 51वां जन्मदिन मना रहीं इस अदाकारा को सनी देओल के साथ आई फिल्म ने नई पहचान दिलाई।

बॉलीवुड में करीब ढाई दशक से सक्रिय रहीं इस अभिनेत्री ने अपने करियर की शुरुआत एक ब्लॉकबस्टर फिल्म से की और देखते ही देखते स्टार बन गईं। इसके बाद कई हिट फिल्में भी दीं, लेकिन साल 2002 के बाद उनके करियर पर मानो ग्रहण लग गया। यह और कोई नहीं, बल्कि अमीषा पटेल हैं, जो आज 9 जून को अपना 51वां जन्मदिन मना रही हैं। 51 की उम्र में भी वह सिंगल हैं।

पढ़ाई में अव्वल, पर मन एक्टिंग में

9 जून 1975 को मुंबई में जन्मीं अमीषा पटेल पढ़ाई में बेहद होशियार थीं। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा मुंबई में पूरी की और इसके बाद अमेरिका की टफ्ट्स यूनिवर्सिटी से अर्थशास्त्र की पढ़ाई की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने गोल्ड मेडल भी हासिल किया। हालांकि उनकी असली दिलचस्पी हमेशा अभिनय की दुनिया में ही रही।

थिएटर से शुरू हुआ सफर

अमेरिका से भारत लौटने के बाद अमीषा ने अपने अभिनय सफर की शुरुआत थिएटर से की। उन्होंने मशहूर रंगकर्मी सत्यदेव दुबे के थिएटर ग्रुप के साथ काम करते हुए अभिनय की बारीकियां सीखीं। इसी दौरान उन्होंने मॉडलिंग और विज्ञापनों में भी हाथ आजमाना शुरू कर दिया।

'गदर' के लिए कड़ी मेहनत

फिल्म 'गदर: एक प्रेम कथा' में निभाया उनका सकीना का किरदार आज भी दर्शकों के दिलों में बसा हुआ है। लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस भूमिका को पाने के लिए उन्हें कड़ी मेहनत करनी पड़ी थी। कहा जाता है कि इस फिल्म के लिए अमीषा को 500 से ज्यादा लड़कियों में से चुना गया था और इसके लिए उन्होंने करीब 12 घंटे लंबा ऑडिशन दिया था।

डेब्यू से ही मचाई धूम

अमीषा ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत साल 2000 में आई फिल्म 'कहो ना... प्यार है' से की थी। इसका निर्देशन राकेश रोशन ने किया था और इसी फिल्म से उनके बेटे ऋतिक ने भी डेब्यू किया था। यह फिल्म सुपरहिट साबित हुई और अमीषा रातोंरात स्टार बन गईं। उनकी मासूम अदाकारी और स्क्रीन प्रेजेंस को दर्शकों ने खूब सराहा। इसके बाद उन्होंने दक्षिण भारतीय सिनेमा में कदम रखा और तेलुगु फिल्म 'बद्री' में नजर आईं। करियर की शुरुआत में ही दो बड़ी हिट देकर उन्होंने खूब नाम कमाया।

2001 में मिली सबसे बड़ी पहचान

अमीषा को सबसे बड़ी पहचान साल 2001 में रिलीज हुई 'गदर: एक प्रेम कथा' से मिली। इस फिल्म में अमीषा और सनी देओल की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया।

2002 के बाद फ्लॉप की झड़ी

'गदर' की सफलता के बाद अमीषा ने साल 2002 में आई 'हमराज' में काम किया और यह फिल्म भी हिट रही। लेकिन इसके बाद उन्होंने 'क्रांति', 'क्या यही प्यार है', 'आप मुझे अच्छे लगने लगे', 'ये है जलवा', 'मंगल पांडे' और 'हमको तुमसे प्यार है' जैसी फिल्मों में काम किया, जो सभी फ्लॉप साबित हुईं।

सनी देओल की फिल्म ने थामा करियर

इस दौर में उनका करियर खासा उतार-चढ़ाव भरा रहा। 'भूल भुलैया' जैसी हिट फिल्म में भी उन्होंने काम किया, पर वहां उन्हें लीड रोल नहीं मिला। आखिरकार लंबे अरसे बाद साल 2023 में सनी देओल के साथ आई 'गदर 2' से उनके करियर को नई दिशा मिली। सकीना के किरदार में वह एक बार फिर छा गईं और इस फिल्म ने उनके डूबते करियर को सहारा दिया।

https://hindi.news18.com/photogallery/entertainment/bollywood-ameesha-patel-turns-51-actress-career-after-humraaz-flop-but-after-sunny-deol-gadar-2-career-got-new-direction-ws-l-10551740.html