आज के दौर में मोटापा सबसे बड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक बन चुका है। बिगड़ती जीवनशैली, गलत खानपान और शारीरिक गतिविधि की कमी के चलते लोगों का वजन तेजी से बढ़ रहा है। मोटापा अपने आप में कई बीमारियों की जड़ माना जाता है। इसके कारण हाई बीपी, हार्ट डिजीज, डायबिटीज और फैटी लिवर जैसी कई खतरनाक बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। दिक्कत यह है कि कई लोगों को इस बात का अंदाजा ही नहीं होता कि वे कब मोटापे की चपेट में आ गए। ऐसे में यह समझना बेहद जरूरी है कि आपका वजन सामान्य है या आप मोटापे के दायरे में आते हैं। इसके लिए बस एक फॉर्मूला अपनाना होगा, जिससे आपको अपने वजन से जुड़ी अहम जानकारी मिल जाएगी।
BMI फॉर्मूले से ऐसे करें कैलकुलेशन
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक मोटापे का आकलन करने के लिए सबसे ज्यादा इस्तेमाल किया जाने वाला तरीका बॉडी मास इंडेक्स यानी BMI है। इसे आपके वजन और लंबाई के आधार पर निकाला जाता है। इसका फॉर्मूला है—
BMI = वजन (किलोग्राम में) ÷ (लंबाई मीटर में)²
उदाहरण के तौर पर, अगर किसी व्यक्ति का वजन 70 किलोग्राम है और उसकी लंबाई 1.70 मीटर है, तो उसका BMI होगा— 70 ÷ (1.70 × 1.70) = 24.2
आखिर कितना होना चाहिए BMI?
विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार BMI की श्रेणियां इस प्रकार हैं—
- 18.5 से कम – कम वजन (Underweight)
- 25.5 से 24.9 – सामान्य वजन (Normal Weight)
- 25 से 29.9 – अधिक वजन (Overweight)
- 30 या उससे अधिक – मोटापा (Obesity)
अगर आपका BMI 25 से ऊपर पहुंच गया है, तो वजन को नियंत्रित करने पर ध्यान देना शुरू कर देना चाहिए।
क्या BMI से सब कुछ पता चल जाता है?
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि सिर्फ BMI के भरोसे मोटापे का पूरा अंदाजा नहीं लगाया जा सकता, हालांकि यह एक उपयोगी संकेत जरूर देता है। दरअसल, BMI शरीर में फैट और मांसपेशियों के अनुपात की पूरी तस्वीर नहीं दिखाता। उदाहरण के लिए, किसी एथलीट का BMI अधिक हो सकता है, क्योंकि उसके शरीर में मांसपेशियों की मात्रा ज्यादा होती है। यही वजह है कि केवल BMI के आधार पर सेहत का संपूर्ण आकलन संभव नहीं है। इसके साथ कमर की माप, बॉडी फैट प्रतिशत और अन्य स्वास्थ्य संकेतकों को भी ध्यान में रखना जरूरी होता है।
मोटापा घटाने के लिए क्या करें?
अगर आपका BMI सामान्य सीमा से ज्यादा है, तो संतुलित आहार और नियमित व्यायाम अपनाना फायदेमंद साबित हो सकता है। रोजाना टहलना, जंक फूड से दूरी बनाना, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और भरपूर नींद लेना वजन को काबू में रखने में मदद करता है। छोटे-छोटे बदलाव भी लंबे समय में बड़ा असर दिखा सकते हैं। वहीं, अगर आपका BMI लगातार बढ़ता जा रहा है या वजन के साथ-साथ दूसरी स्वास्थ्य समस्याएं भी सामने आ रही हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। समय रहते अपने वजन पर ध्यान देकर आप कई गंभीर बीमारियों के खतरे को कम कर सकते हैं।
https://hindi.news18.com/news/lifestyle/health-are-you-overweight-calculate-your-bmi-at-home-with-this-simple-formula-motapa-kaise-kam-kare-10551441.html