Hanuman Chalisa Path Niyam: इस वर्ष 9 जून को ज्येष्ठ माह का छठा बड़ा मंगल पड़ रहा है। मान्यता है कि इस दिन बजरंगबली की आराधना करना बेहद शुभ और फलदायी होता है। ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले हर मंगलवार को बड़ा मंगल या बुढ़वा मंगल के नाम से जाना जाता है। धार्मिक विश्वास है कि इसी दिन हनुमान जी की प्रभु श्री राम से पहली बार भेंट हुई थी, यही कारण है कि हिंदू धर्म में बड़े मंगल का खास महत्व माना गया है। इस दिन व्रत रखने के साथ-साथ सुंदरकांड और हनुमान चालीसा का पाठ करने से हनुमान जी प्रसन्न होते हैं और भक्त के सारे संकट दूर हो जाते हैं।
हालांकि हनुमान चालीसा का पाठ करते समय कुछ जरूरी बातों का पूरा ख्याल रखना आवश्यक है। शास्त्रों में बताया गया है कि पाठ के दौरान कुछ गलतियां करने से इसका संपूर्ण फल नहीं मिल पाता। आइए जानते हैं कि बड़े मंगल पर हनुमान चालीसा पढ़ते समय किन-किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
हनुमान चालीसा का पाठ करते समय न करें ये गलतियां
स्वच्छ आसन पर ही बैठें
हनुमान चालीसा का पाठ हमेशा साफ-सुथरे आसन पर बैठकर ही करना चाहिए। बिस्तर पर या सीधे जमीन पर बैठकर कभी भी पाठ नहीं करना चाहिए।
दीपक और भोग का रखें ध्यान
पाठ शुरू करने से पहले तेल या शुद्ध घी का दीपक जलाएं। हनुमान जी को बूंदी या बेसन के लड्डू का भोग अर्पित करें। भोग और पूजा में तुलसी अवश्य रखें, क्योंकि बिना तुलसी के हनुमान जी की पूजा और भोग अधूरे माने जाते हैं।
स्पष्ट उच्चारण के साथ पढ़ें
जल्दबाजी में या बहुत तेज गति से हनुमान चालीसा का पाठ नहीं करना चाहिए। इसे साफ और स्पष्ट शब्दों में पढ़ना चाहिए। माना जाता है कि चालीसा की हर चौपाई एक मंत्र की तरह असर करती है, इसलिए गलत उच्चारण से बचना चाहिए।
बीच में बातचीत न करें
हनुमान चालीसा का पाठ हमेशा शांत मन और स्पष्ट शब्दों में करना चाहिए। पाठ के दौरान किसी से बातचीत न करें। बीच में बात करना या इशारे करना पूजा को खंडित कर देता है।
पवित्रता और स्वच्छता जरूरी
पाठ करते समय पवित्रता और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना चाहिए। बिना स्नान किए, गंदे कपड़ों में या अशुद्ध मन से भूलकर भी पाठ नहीं करना चाहिए। पाठ से पहले पूजा स्थल और स्वयं पर गंगाजल छिड़ककर शुद्ध कर लें।
ब्रह्मचर्य और सात्विक भोजन का पालन
बड़े मंगल के दिन यदि आप हनुमान चालीसा का पाठ कर रहे हैं तो पूरे दिन ब्रह्मचर्य का पालन करें। इस दिन घर में सात्विक भोजन ही बनाएं और ग्रहण करें तथा तामसिक चीजों से पूरी तरह दूरी बनाए रखें।
https://www.indiatv.in/religion/news-hanuman-chalisa-niyam-bade-mangal-ke-din-hanuman-chalisa-ka-path-karte-samay-na-kare-ye-galtiyaan-warna-nhi-milega-puja-ka-phal-2026-06-08-1223838