दुबई: संयुक्त अरब अमीरात के शहर दुबई से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहां एक मिनीबस और ट्रक के बीच हुई जोरदार टक्कर में 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 9 अन्य घायल हो गए। बताया जा रहा है कि बस में कई भारतीय मजदूर सवार थे। घायलों में से पांच की हालत गंभीर बनी हुई है और सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद दुबई स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास ने गहरा दुख जताते हुए कहा है कि वह स्थानीय अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।
मिनीबस और ट्रक के बीच हुआ हादसा
अधिकारियों के अनुसार यह दुर्घटना सोमवार को दुबई में एक मिनीबस और ट्रक के टकराने से हुई, जिसमें कई भारतीय कामगारों की जान चली गई। भारतीय वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, "दुबई में हुए इस दुखद हादसे से हम बेहद दुखी हैं, जिसमें कई भारतीय कामगारों की जान चली गई।" दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि वह स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर हर संभव मदद और सहयोग पहुंचाने का काम कर रहा है।
तकनीकी खराबी से सड़क के बीच रुक गया था ट्रक
दुबई पुलिस के यातायात विभाग के निदेशक ब्रिगेडियर जुमा सलेम बिन सुवैदान ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि तकनीकी खराबी के चलते ट्रक अमीरात रोड के बीचोंबीच अचानक रुक गया था। उन्होंने एक बयान में कहा, "बस चालक ने कथित तौर पर ध्यान नहीं दिया और सुरक्षित दूरी नहीं रखी, जिसके चलते उसने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी।" उन्होंने आगे बताया, "इस दुर्घटना में 7 लोगों की मौत हो गई और 9 लोग घायल हो गए, जिनमें पांच गंभीर रूप से घायल और चार मध्यम रूप से घायल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।"
दूतावास के अधिकारी पहुंचे घायलों के पास
भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने अस्पताल जाकर घायल भारतीयों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। ब्रिगेडियर जुमा सलेम ने बताया कि हादसे के असली कारणों का पता लगाने के लिए यातायात दुर्घटना जांच अनुभाग के विशेषज्ञों को घटनास्थल पर भेजा गया है, ताकि वे मौके का निरीक्षण कर सटीक साक्ष्य एकत्र कर सकें। उन्होंने कहा, "यातायात गश्ती दल ने यातायात को नियंत्रित किया, घटनास्थल को सुरक्षित किया और बचाव वाहनों के लिए आवागमन सुगम बनाया। कार्य दल ने क्षतिग्रस्त ट्रक और बस को भी हटाया ताकि यातायात सामान्य रूप से चल सके।"
https://www.indiatv.in/world/asia/7-killed-and-9-injured-including-several-indians-after-bus-truck-collision-in-dubai-2026-06-08-1223836