विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में भीषण हादसा: 1600 डिग्री सेल्सियस गर्म पिघला लोहा गिरने से 8 मजदूरों की जान गई

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के परिसर में सोमवार को पिघला हुआ लोहा गिरने से कम से कम 8 श्रमिकों की मौत हो गई और कई लोग घायल हुए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए मुआवजे की घोषणा की है।

आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम से एक बड़े औद्योगिक हादसे की खबर सामने आई है। यहां राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड के परिसर में सोमवार को पिघला हुआ लोहा गिर जाने से कम से कम 8 श्रमिकों की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, स्टील प्लांट के SMS-2 और STC-3 ताप संयंत्र में भारी मात्रा में पिघला हुआ लोहा लीक हो गया था। इस दुर्घटना में कई लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रधानमंत्री मोदी ने की मुआवजे की घोषणा

विशाखापत्तनम में हुई इस दर्दनाक घटना का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी संज्ञान लिया। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुए इस हादसे से वे बेहद व्यथित हैं। प्रधानमंत्री ने अपने परिजनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

उन्होंने बताया कि स्थानीय अधिकारी प्रभावित लोगों तक हर संभव मदद पहुंचा रहे हैं। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि प्रत्येक मृतक के परिजनों को पीएमएनआरएफ से 2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी, जबकि घायलों को 50,000 रुपये की सहायता प्रदान की जाएगी।

लोहे का तापमान था करीब 1600 डिग्री सेल्सियस

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, अब तक 5 श्रमिकों के शव बरामद किए जा चुके हैं। पुलिस ने बताया कि यह हादसा उस समय हुआ जब बाल्टी में रखे पिघले हुए लोहे को क्रेन के जरिए ले जाया जा रहा था और तभी वह श्रमिकों के ऊपर जा गिरा। पुलिस के मुताबिक उस वक्त पिघला हुआ लोहा बेहद गर्म था और उसका तापमान लगभग 1600 डिग्री सेल्सियस था, जिसके कारण हादसा इतना भीषण साबित हुआ।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भी इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि विशाखापत्तनम स्टील प्लांट में हुई इस दुर्घटना से वे बेहद स्तब्ध हैं और कई श्रमिकों की जान जाने की खबर से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों से बातचीत की है और उन्हें सभी सरकारी विभागों के आपसी समन्वय से तुरंत राहत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

https://www.indiatv.in/india/national/andhra-pradesh-large-quantity-of-molten-steel-leaked-in-visakhapatnam-steel-plant-8-workers-died-2026-06-08-1223811