जयपुर के जगतपुरा में नंदपुरी रोड चौड़ीकरण के दौरान 24 घंटे इंटरनेट ठप, यात्री और व्यापारी परेशान

जगतपुरा स्थित नंदपुरी रोड को 80 फीट चौड़ा करने और पांच धार्मिक स्थलों समेत अतिक्रमण हटाने के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने जयपुर के कई इलाकों में 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट बंद कर दिया है। इससे UPI भुगतान, ओला-उबर बुकिंग, ऑनलाइन टिकट और डिलीवरी सेवाएं ठप पड़ गई हैं।

जयपुर के जगतपुरा इलाके में नंदपुरी रोड को 80 फीट चौड़ा करने का काम चल रहा है। इसी क्रम में जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा पांच धार्मिक स्थलों और अन्य अतिक्रमण को हटाया जा रहा है। इस दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के मकसद से शहर में 24 घंटे के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। नतीजतन शहरवासियों को इंटरनेट पर आधारित लगभग हर सेवा के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

रोजमर्रा के कामकाज में इस्तेमाल होने वाली इंटरनेट सेवा ठप होने से लोगों को दैनिक जीवन के सामान्य कार्यों में सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसके साथ ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग, ओला-उबर सेवा और UPI भुगतान समेत इंटरनेट से जुड़ी तमाम सुविधाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं।

यात्रियों की जुबानी परेशानी

जयपुर के जिन इलाकों में इंटरनेट बंद है, वहां और एयरपोर्ट तथा रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर आम लोगों एवं यात्रियों से बातचीत की गई। एक यात्री राहुल ने बताया कि उन्हें जयपुर से बनारस जाना है, लेकिन ऑनलाइन तरीके से उनकी टिकट बुक नहीं हो पा रही है। उनका कहना था कि UPI भुगतान, ऑनलाइन कैब और मोबाइल इंटरनेट पूरी तरह बंद होने से लोग परेशान हैं।

राहुल का मानना है कि विवाद चाहे जो भी हो, इंटरनेट बंद होने का सबसे ज्यादा खामियाजा आम लोगों को ही भुगतना पड़ता है। कई आम दुकानदारों ने भी कहा कि UPI और डिजिटल भुगतान अब लोगों के जीवन का सामान्य हिस्सा बन चुका है, मगर इंटरनेट ठप होने से उन्हें भारी दिक्कत हो रही है। लगातार बनी इस समस्या को देखते हुए जयपुर एयरपोर्ट ने यात्रियों से अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचने की अपील की है।

ओला-उबर सेवा पर सबसे ज्यादा असर

इंटरनेट सेवा बंद होने का सबसे ज्यादा प्रभाव ओला और उबर जैसी ऑनलाइन कैब सेवाओं पर पड़ रहा है। इंटरनेट न चलने के कारण लोग बुकिंग नहीं कर पा रहे, जिससे कैब चालकों को आज बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है। कैब चालक रमेश कुमार ने बताया कि सुबह से ही इंटरनेट बंद होने के चलते कैब और ऑटो की बुकिंग नहीं हो रही, जिससे उन्हें घाटा झेलना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि कुछ जगहों पर इंटरनेट चलता है तो दूसरी जगह पहुंचते ही बंद हो जाता है। यही वजह है कि रेलवे स्टेशन हो, एयरपोर्ट हो या बस स्टेशन, हर जगह लोग ओला-उबर के लिए परेशान हो रहे हैं। ओला-उबर और UPI भुगतान के अलावा ऑनलाइन डिलीवरी से जुड़ी सेवाएं भी इंटरनेट बंद से प्रभावित हो रही हैं।

सोमवार रात 12 बजे तक बंद रहेगी सेवा

नंदपुरी अंडरपास के पास रेलवे लाइन के समानांतर बनी सड़क को चौड़ा करने और इस दौरान धार्मिक स्थल एवं अन्य अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के चलते जयपुर में सोमवार रात 12 बजे तक इंटरनेट सेवा बंद रहेगी। अतिक्रमण के विवाद और धार्मिक स्थल से जुड़े मामले को देखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि कोई व्यक्ति गलत संदेश न फैला सके। हालांकि आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सामान्य वॉयस कॉलिंग और वाई-फाई की इंटरनेट सुविधा चालू रहेगी।

इन इलाकों में ठप रहेगी इंटरनेट सेवा

शहर के अलग-अलग हिस्सों में लोगों से बात करने पर पता चला कि कुछ लोगों के फोन में इंटरनेट चल रहा है तो कुछ में नहीं। लेकिन जयपुर के मुख्य इलाकों में इंटरनेट पूरी तरह बंद है। इनमें कमिश्नरेट के उत्तर और पूर्व के क्षेत्र शामिल हैं।

कमिश्नरेट के उत्तर क्षेत्र में रामगंज, गलता गेट, माणक चौक, सुभाष चौक, आमेर, ब्रह्मपुरी, नाहरगढ़, कोतवाली, जलूपुरा, संजय सर्किल, शास्त्रीनगर, भट्टा बस्ती, विद्याधर नगर और जयसिंहपुरा खोर आते हैं। वहीं कमिश्नरेट के पूर्व क्षेत्र में कानोता, तूंगा, बस्सी, आदर्श नगर, ट्रांसपोर्ट नगर, जवाहर नगर, जामडोली, एसएमएस अस्पताल, गांधी नगर लाल कोठी, मोती डूंगरी, एयरपोर्ट जयपुर, मालवीय नगर, जवाहर सर्किल, बजाज नगर, सांगानेर, प्रतापनगर, खो-नागोरियन, रामनगरिया और मालपुरा गेट जैसे इलाके शामिल हैं। इन सभी क्षेत्रों में रात 12 बजे तक इंटरनेट सेवाएं प्रभावित रहेंगी।

https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-ground-report-on-internet-shutdown-in-jaipur-amid-nandpuri-road-widening-local18-10550874.html