हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के संजौली इलाके में सांप्रदायिक तनाव बढ़ गया है। एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ के आरोप के बाद माहौल गरमा गया, जिससे नाराज हिंदू संगठनों ने मोर्चा खोल दिया। विवाद इतना बढ़ा कि एक विशेष समुदाय के युवकों की दुकान में जमकर तोड़फोड़ की गई और दो लड़कों को सरेबाजार घुमाते हुए उनके साथ मारपीट भी की गई। इस मामले में पुलिस ने संज्ञान लेते हुए कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है, जिसके विरोध में हिंदू संगठनों ने संजौली पुलिस थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद
पूरे मामले की शुरुआत बीते शुक्रवार को हुई। एक नाबालिग लड़की ने शिमला के बीसीएस (BCS) महिला पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत में उत्तर प्रदेश के बिजनौर (भनैरा नजीबाबाद) के रहने वाले उबैद नाम के युवक पर ‘बैड-टच’ करने और ब्लैकमेल करने का गंभीर आरोप लगाया गया। पुलिस ने तेजी दिखाते हुए शनिवार शाम को आरोपी उबैद को गिरफ्तार कर लिया।
हिंदू संघर्ष समिति तक पहुंची शिकायत
हालांकि मामला यहीं नहीं रुका। पीड़िता ने अपने साथ हुई इस घटना की जानकारी हिंदू संघर्ष समिति को भी दी थी। हिंदू नेता श्वेता के अनुसार, दो अन्य युवकों ने भी पीड़िता का वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश की थी।
दुकान में तोड़फोड़ और युवकों को सरेबाजार घुमाया
शनिवार को नाराज हिंदू संघर्ष समिति के लोग संजौली बाजार स्थित अजीम मिर्जा की दुकान पर पहुंच गए। दुकान मालिक अजीम मिर्जा ने अपनी शिकायत में बताया कि कुछ लोगों ने जबरन उनकी दुकान में घुसकर उनके और उनके सहकर्मी आफताब के साथ जमकर मारपीट की। आरोपियों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार भी तोड़ डाले।
इसके बाद दोनों युवकों, अजीम और आफताब, को जबरन दुकान से बाहर निकालकर बाजार में सरेआम घुमाया गया और उनके साथ मारपीट की गई। बाद में दोनों को संजौली पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अब तक छह लोगों की गिरफ्तारी
अजीम मिर्जा की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज की और शनिवार देर रात मुख्य आरोपी मदन ठाकुर और विजय शर्मा को गिरफ्तार कर लिया। अदालत ने दोनों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। इसके बाद सोमवार को पुलिस ने इस मामले में चार और लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
गिरफ्तार किए गए अन्य आरोपियों में श्वेता चौहान (41, संजौली), कल्पना शर्मा (42, संजौली), गौरव कुमार (कृष्णा नगर ओल्ड बस स्टैंड) और गगन शर्मा (बुखारी गांव, शिमला) शामिल हैं। पुलिस अब उन बाकी लोगों की भी पहचान कर रही है, जो युवकों को बाजार में घुमाने और मारपीट में शामिल थे।
थाने के बाहर हिंदू संगठनों का प्रदर्शन
मदन ठाकुर और विजय शर्मा की गिरफ्तारी की खबर फैलते ही हिंदू संगठनों से जुड़े लोग भड़क उठे। रविवार को सैकड़ों की संख्या में लोग संजौली पुलिस स्टेशन के बाहर सड़क पर धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। यह हंगामा रविवार देर रात तक जारी रहा।
कानून के मुताबिक कार्रवाई का दावा
इस पूरे मामले पर शिमला के एएसपी मेहर पंवर ने स्पष्ट किया कि छेड़छाड़ के मुख्य आरोपी उबैद को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उन्होंने बताया कि पीड़िता के बयान अदालत में दर्ज करवा दिए गए हैं।
अपनी शिकायत में पीड़िता ने केवल एक ही युवक का नाम बताया था, जिसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है। अगर जरूरत पड़ी तो जांच के दौरान पीड़िता के सप्लीमेंटरी बयान भी दर्ज करवाए जाएंगे।
एएसपी ने यह भी दोहराया कि पीड़िता ने अपनी शिकायत में सिर्फ एक ही युवक उबैद का नाम लिया था, जिसे पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/shimla-shimla-minor-harassment-case-hindu-community-protest-market-march-vandalism-six-arrested-sanjauli-police-news-local18-10551272.html