वरुण धवन ने अपने फिल्मी सफर की शुरुआत साल 2012 में करण जौहर की 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर' से की थी। इंडस्ट्री में उन्हें 14 साल पूरे हो चुके हैं और इस दौरान उन्होंने जहां कई हिट फिल्में दीं, वहीं कुछ फ्लॉप भी उनके खाते में दर्ज हुईं। इन दिनों वह अपनी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' को लेकर सुर्खियों में हैं, जो 5 जून को सिनेमाघरों में पहुंच चुकी है। हालांकि इस फिल्म को दर्शकों की ओर से मिला-जुला रिस्पॉन्स ही मिल पाया है। इसी बीच अभिनेता ने उस फिल्म का जिक्र किया, जिसे ठुकराने का अफसोस उन्हें आज भी सताता है। करीब 8 साल पहले उन्हें एक थ्रिलर फिल्म का ऑफर मिला था, जिसमें उनके अपोजिट कंगना रनौत नजर आने वाली थीं। रिलीज के बाद इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त कमाई की और नेशनल अवॉर्ड भी अपने नाम किया। यह फिल्म थी 'अंधाधुन', जिसमें वरुण के साथ कंगना लीड रोल में दिखने वाली थीं।
अंधाधुन को मना करने का मलाल आज भी कायम
वरुण धवन ने सालों बाद यह राज खोला कि आयुष्मान खुराना, तब्बू और राधिका आप्टे की थ्रिलर 'अंधाधुन' (2018) सबसे पहले उन्हीं को ऑफर हुई थी। इस फिल्म में उनकी जोड़ी कंगना रनौत के साथ बनने वाली थी, लेकिन तारीखों के टकराव के कारण वह यह प्रोजेक्ट नहीं कर पाए और उनके साथ ही कंगना भी इस फिल्म का हिस्सा नहीं बन सकीं। अभिनेता का कहना है कि इस फिल्म को न कर पाने का अफसोस उन्हें आज भी है।
आखिर क्यों छूट गई यह फिल्म
वरुण धवन ने तन्मय भट्ट के साथ बातचीत में 'अंधाधुन' को लेकर खुलकर बात की। जब उनसे ऐसी किसी फिल्म का नाम पूछा गया, जिसे उन्होंने ठुकरा दिया और बाद में वह क्रिटिकली तथा कमर्शियली हिट साबित हुई और आज भी उसे न कर पाने का उन्हें मलाल है, तो उन्होंने जवाब दिया- 'मुझे लगता है कि एक अच्छी फिल्म, जिसे मैंने मना कर दिया और जो बाद में बहुत बड़ी हिट साबित हुई, वो अंधाधुन थी। उस समय मैं किसी दूसरी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त था, इसी वजह से मैं इसे नहीं कर पाया। इसकी ओरिजिनल कास्ट में मैं और कंगना रनौत थे।'
तीन नेशनल अवॉर्ड जीतने वाली फिल्म
गौरतलब है कि वरुण धवन और कंगना रनौत के हटने के बाद इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और तब्बू ने मुख्य किरदार निभाए। श्रीराम राघवन निर्देशित इस क्राइम थ्रिलर को रिलीज के बाद दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला और यह उस साल की सबसे कामयाब फिल्मों में से एक रही। महज 32 करोड़ में बनी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 440 करोड़ से ज्यादा का कलेक्शन किया और तीन नेशनल अवॉर्ड भी अपने नाम किए। फिल्म की कहानी आकाश नाम के एक म्यूजिशियन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अंधा होने का दिखावा करता है, लेकिन तब बड़ी मुसीबत में फंस जाता है जब वह एक कत्ल होते देख लेता है। फिल्म को बेस्ट हिंदी फिल्म, बेस्ट एक्टर और बेस्ट एडेप्टेड स्क्रीनप्ले की कैटेगरी में तीन नेशनल अवॉर्ड मिले थे।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/varun-dhawan-rejected-400-crore-national-award-winning-film-andhadhun-with-kangana-ranaut-calls-it-big-mistake-2026-06-08-1223766