शादी के 45 दिन बाद प्रेमी संग आधी रात भागी नवविवाहिता, शादी से इनकार किया तो प्रेमी ट्रेन के आगे कूदा

छत्तीसगढ़ के बालोद में इंस्टाग्राम से शुरू हुई ढाई साल पुरानी प्रेम कहानी का खौफनाक अंत हुआ। शादी के महज 45 दिन बाद प्रेमी संग भागी विवाहिता के इनकार पर शादीशुदा प्रेमी रेलवे ट्रैक पर बैठ गया और दोनों तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए।

छत्तीसगढ़ के बालोद से प्रेम और सनक का एक रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई ढाई साल पुरानी प्रेम कहानी का अंत बेहद दर्दनाक और भयावह तरीके से हुआ। शादी के महज 45 दिन बाद अपने शादीशुदा प्रेमी के साथ आधी रात को घर से निकली नवविवाहिता का रेलवे ट्रैक पर विवाद इतना बढ़ा कि प्रेमी ने पटरी पर बैठकर जान दे दी।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी कहानी

कांकेर जिले की रहने वाली 23 वर्षीय मोनिका खरे का विवाह बीते 22 अप्रैल 2026 को बालोद के ग्राम परसोदा निवासी टीकम कुमार खरे के साथ हुआ था। लेकिन शादी के सिर्फ 45 दिन बाद ही, शनिवार 6 जून की रात करीब 1 बजे, मोनिका अपने शादीशुदा प्रेमी मिथलेश ठाकुर (28 वर्ष) के साथ बाइक पर सवार होकर चुपचाप ससुराल से भाग निकली। मिथलेश पेशे से ड्राइवर था और ग्राम भीमपुरी का निवासी था।

रेलवे ट्रैक पर बढ़ता गया विवाद

दोनों अपने घर से करीब 20 किलोमीटर दूर ग्राम दैहान के पास बने रेलवे अंडरब्रिज के ऊपर मौजूद पटरी पर पहुंचे। यहीं शादी करने को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। दोनों ही पहले से विवाहित थे, फिर भी मिथलेश मोनिका पर शादी करने और साथ रहने का लगातार दबाव बनाता रहा। इसी बात को लेकर काफी देर तक तीखी बहस होती रही।

जब मोनिका ने शादी करने और साथ रहने से साफ इनकार कर दिया, तो गुस्से और निराशा में मिथलेश पटरी पर ही बैठ गया। तभी सामने से तेज रफ्तार ट्रेन आती दिखाई दी। मोनिका बार-बार उसे पटरी से हट जाने के लिए कहती रही, लेकिन अपनी जिद पर अड़ा मिथलेश वहां से नहीं हिला। घबराई मोनिका ने जैसे ही उसे जबरन खींचकर ट्रैक से हटाने की कोशिश की, दोनों तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए।

इस भीषण टक्कर में मिथलेश के सिर पर गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि मोनिका भी बुरी तरह लहूलुहान होकर दूर जा गिरी।

घायल अवस्था में किया पुलिस को फोन

इस हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल मोनिका ने हिम्मत नहीं हारी और तड़पती हालत में ही अपने मोबाइल से डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक मोनिका अत्यधिक खून बहने के कारण बेहोश हो चुकी थी। पुलिस उसे फौरन जिला अस्पताल लेकर पहुंची।

पति को 2:30 बजे पता चला

दूसरी ओर, मोनिका के पति टीकम खरे की जब रात करीब 2:30 बजे नींद खुली तो पत्नी को गायब पाकर उनके होश उड़ गए। परिजनों के साथ खोजबीन के दौरान रात करीब 3 बजे मोनिका ने पति का फोन उठाया और रेलवे ट्रैक पर हुई दुर्घटना के बारे में बताया। पति और रिश्तेदार लाटाबोड़ स्टेशन के चक्कर काटते रहे, इसके बाद पुलिस का फोन आने पर वे जिला अस्पताल पहुंचे, जहां मिथलेश का शव और घायल मोनिका को रखा गया था।

मृतक पहले से था शादीशुदा

बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मृतक मिथलेश पहले से शादीशुदा था और उसकी एक बेटी भी है। मोनिका और मिथलेश की दोस्ती ढाई साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो धीरे-धीरे गहरे प्रेम संबंध में बदल गई। मिथलेश पहले डौंडीलोहारा क्षेत्र में हाईवा चलाता था, लेकिन करीब महीने भर पहले काम छोड़कर घर का ट्रैक्टर चलाने लगा था। मोनिका की शादी के बाद से वह लगातार परेशान रहता था और इसी वजह से उसने मोनिका को ससुराल से भगाया था।

राजनांदगांव रेफर, जांच जारी

फिलहाल मोनिका की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजनांदगांव के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

https://hindi.news18.com/news/chhattisgarh/balod-balod-crime-lover-jump-infront-of-train-instagram-friendship-run-away-bride-train-accident-rajnandgaon-hospital-local18-10551021.html