ऑपरेशन सिंदूर: अमेरिकी रिपोर्ट का बड़ा खुलासा, भारत को रोकने के लिए चीन ने की थी पाकिस्तान की मदद

अमेरिकी कांग्रेस की एक नई रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को मिला चीन का साथ भारत के प्रभाव को कम करने की एक सोची-समझी रणनीति थी। आयोग ने वाशिंगटन और नई दिल्ली के बीच रक्षा व रणनीतिक सहयोग को और मजबूत करने पर जोर दिया है।

चीन की भारत विरोधी चाल का खुलासा

अमेरिकी कांग्रेस के एक पैनल ने अपनी हालिया वार्षिक रिपोर्ट में एक बड़ा दावा करते हुए कहा है कि बीते वर्ष ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को दिया गया चीनी सैन्य समर्थन केवल एक सहयोग नहीं था, बल्कि यह भारत के उदय को रोकने की उसकी व्यापक रणनीतिक योजना का हिस्सा था। पैनल ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बीजिंग, नई दिल्ली के रणनीतिक प्रभाव को कमजोर करने के लिए लगातार सीमा पर सैन्य दबाव बनाने के साथ ही आर्थिक प्रतिबंधों और समुद्री विस्तार जैसी नीतियों का इस्तेमाल कर रहा है।

अमेरिकी-चीन आर्थिक और सुरक्षा समीक्षा आयोग (USCC) ने अपनी रिपोर्ट के जरिए वाशिंगटन और नई दिल्ली के बीच खुफिया जानकारी साझा करने, समुद्री सुरक्षा और विनिर्माण जैसे अहम क्षेत्रों में गहरे सहयोग की वकालत की है। रिपोर्ट इस बात पर जोर देती है कि एशिया में शक्ति संतुलन को बनाए रखने और बीजिंग की आक्रामक महत्वाकांक्षाओं पर अंकुश लगाने के लिए भारत की भूमिका अत्यधिक महत्वपूर्ण है।

अमेरिका के लिए भारत की रणनीतिक अहमियत

रिपोर्ट का एक पूरा अध्याय जिसका शीर्षक चीन का दूसरा मोर्चा: भारत और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिकी रणनीति का भविष्य है, भारत की सुरक्षा चिंताओं को प्रमुखता देता है। इसमें कहा गया है कि इस्लामाबाद के साथ बीजिंग की मजबूत होती सुरक्षा साझेदारी ने भारत के सामने टू-फ्रंट वॉर यानी दो तरफा युद्ध की आशंका को एक गंभीर चुनौती बना दिया है। मई 2025 के भारत-पाकिस्तान संघर्ष का जिक्र करते हुए रिपोर्ट ने बताया कि किस तरह भारत के ऑपरेशन सिंदूर के वक्त चीन ने सीधे तौर पर युद्ध में उतरे बिना पर्दे के पीछे से पाकिस्तान की मदद की।

आयोग का मानना है कि इस तरह का चीनी समर्थन भविष्य में पाकिस्तान के साथ होने वाले किसी भी संभावित टकराव के दौरान भारत की सैन्य योजना के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकता है। भारत के लिए इस प्रकार की सैन्य साझेदारी एक अत्यंत चिंताजनक विषय बनी हुई है।

क्या उभरते भारत से डरा हुआ है चीन?

रिपोर्ट के अनुसार, बीजिंग नई दिल्ली को एक उभरती हुई रणनीतिक चुनौती के रूप में देखता है। इसी कारण चीन भारत के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए सैन्य, आर्थिक और समुद्री मोर्चों पर दबाव की नीति अपना रहा है। पैनल का विश्लेषण है कि भारत उन चुनिंदा वैश्विक शक्तियों में से एक है, जिसके पास ऐसी जनसांख्यिकीय, आर्थिक, सैन्य और भौगोलिक क्षमताएं मौजूद हैं, जो लंबे समय तक चीन के साथ शक्ति संतुलन को प्रभावित करने का माद्दा रखती हैं।

रिपोर्ट में भारत की वैश्विक भूमिका

दस्तावेज में भारत की वैश्विक स्थिति को रेखांकित करते हुए कहा गया है कि भारत न केवल दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश है, बल्कि सबसे बड़ा लोकतंत्र और परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र भी है। साथ ही भारत के पास दुनिया की सबसे बड़ी सैन्य ताकतों में से एक है। रिपोर्ट में 2,100 मील लंबी चीन-भारत विवादित सीमा और हिंद महासागर के उन महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों पर भारत की रणनीतिक पकड़ का भी उल्लेख किया गया है, जिनसे चीन की अधिकांश व्यापारिक और ऊर्जा संबंधी आपूर्ति गुजरती है। हालांकि, रिपोर्ट में यह भी जोड़ा गया है कि अमेरिका और भारत की बढ़ती नजदीकी का यह अर्थ नहीं है कि दोनों देश हर वैश्विक मुद्दे पर पूर्ण रूप से सहमत होंगे।

https://www.indiatv.in/world/us/china-support-pakistan-during-operation-sindoor-was-part-of-strategy-says-us-report-2026-11-21-1255604