TMC में बगावत के बीच ममता बनर्जी का विपक्ष को बड़ा संदेश, बोलीं- 'INDIA गठबंधन चाहे तो मुझे...'

दिल्ली में INDIA अलायंस की बैठक में शामिल हुईं ममता बनर्जी ने कहा कि गठबंधन चाहे तो उनका उपयोग कर सकता है। इस बीच विधायकों के बाद अब TMC के सांसद भी अलग गुट बनाने की तैयारी में हैं।

दिल्ली के कॉन्स्टीट्यूशन क्लब में विपक्षी दलों के INDIA अलायंस की एक अहम बैठक आयोजित की गई। सोमवार को हुई इस बैठक में मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी और ममता बनर्जी समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए। खास बात यह रही कि ममता बनर्जी इस बैठक में ऐसे वक्त पहुंचीं, जब उनकी अपनी पार्टी तृणमूल कांग्रेस के भीतर उथल-पुथल मची हुई है। पश्चिम बंगाल में टीएमसी के अधिकांश विधायक और सांसद ममता बनर्जी का साथ छोड़ते नजर आ रहे हैं। इसी माहौल में ममता बनर्जी ने विपक्षी दलों के सामने एक बड़ी बात रखी और कहा कि अगर इंडिया गठबंधन चाहे तो उनका उपयोग कर सकता है।

बैठक में ममता बनर्जी ने क्या कहा

मिली जानकारी के मुताबिक, सोमवार को INDIA अलायंस की बैठक के दौरान ममता बनर्जी ने विपक्षी नेताओं से कहा कि अब उनके पास समय है, इसलिए अगर गठबंधन चाहे तो उन्हें इसका लाभ उठाना चाहिए। तृणमूल कांग्रेस की अध्यक्ष और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बैठक में यह मुद्दा भी उठाया कि भाजपा किस तरह से दूसरी पार्टियों को तोड़ने में जुटी है।

राज्य और राष्ट्रीय समन्वय समिति बनाने की मांग

INDIA गठबंधन की इस बैठक में यह सुझाव भी सामने आया कि बेहतर तालमेल के लिए राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय समितियां गठित की जानी चाहिए। इसके अलावा वाम दलों के नेताओं ने केरल में कांग्रेस द्वारा भाजपा और वाम दलों की तुलना किए जाने का मुद्दा भी कई बार उठाया। इस पर राहुल गांधी ने जवाब देते हुए कहा कि केरल इकाई ने उनसे एक रुख अपनाने को कहा था और उनकी पार्टी ने वही रुख अपनाया।

विधायकों के बाद अब टीएमसी सांसद भी बागी

दूसरी तरफ पश्चिम बंगाल में विधायकों के बाद अब टीएमसी के सांसद भी ममता बनर्जी को झटका देने की तैयारी में हैं। सामने आई जानकारी के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस के करीब 20 सांसद अलग गुट बना सकते हैं। यह फैसला भाजपा नेता भूपेंद्र यादव के घर पर हुई एक बैठक में लिया गया है। बता दें कि लोकसभा में टीएमसी के 28 सांसद हैं और अलग गुट बनाने के लिए दो तिहाई यानी 18 सांसदों के समर्थन की जरूरत होती है, लेकिन अब बागी सांसदों के पास इससे ज्यादा का आंकड़ा पहुंच चुका है। इससे पहले पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के 58 विधायक पहले ही अलग गुट बना चुके हैं।

https://www.indiatv.in/india/politics/amid-major-split-in-tmc-mamata-banerjee-said-i-have-enough-time-india-alliance-can-utilize-me-2026-06-08-1223768