सैंडपेपरगेट विवाद पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का बड़ा कदम, बनाया गया गोपनीय मंच, लेकिन नहीं होगी फिर से जांच

साल 2018 के चर्चित सैंडपेपर विवाद पर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक गोपनीय मंच बनाने का ऐलान किया है, ताकि प्रभावित खिलाड़ी और स्टाफ अपने अनुभव साझा कर सकें। हालांकि बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि यह पुरानी जांच को फिर से खोलने जैसा नहीं होगा और न ही कोई नई कार्रवाई की जाएगी।

सैंडपेपरगेट विवाद ने एक बार फिर पकड़ा तूल

साल 2018 में जब ऑस्ट्रेलियाई टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर थी, तो केपटाउन में टेस्ट मैच के दौरान गेंद को सैंडपेपर से बदलने की घटना ने पूरी दुनिया के क्रिकेट प्रेमियों को हिलाकर रख दिया था। लाइव प्रसारण के दौरान कैमरे में कैद हुई इस शर्मनाक हरकत के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने तत्काल प्रभाव से कड़े कदम उठाए थे। तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ के साथ-साथ डेविड वॉर्नर और कैमरून बैनक्रॉफ्ट पर जांच के बाद प्रतिबंध लगाए गए थे। अब इस घटना के लगभग 8 साल बीत जाने के बाद भी यह मामला पूरी तरह ठंडा नहीं हुआ है। हाल ही में उस टेस्ट सीरीज का हिस्सा रहे खिलाड़ी उस्मान ख्वाजा ने अपनी आत्मकथा सब्र में इस पूरे प्रकरण पर कई नई बातें कही हैं। इस खुलासे के बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट जगत में फिर से हलचल मच गई है। इसी दबाव और स्थितियों को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक अहम फैसला लिया है।

गोपनीय मंच का गठन और बोर्ड का रुख

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच तीसरे वनडे मैच की शुरुआत से पहले बेलेरिव ओवल में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के अंतरिम अध्यक्ष डेविड बून और मुख्य कार्यकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने घोषणा की है कि बोर्ड अब एक ऐसे मंच का निर्माण करेगा, जहां 2018 के उस विवाद में शामिल खिलाड़ी और सहयोगी स्टाफ अपनी बातें और अनुभव साझा कर पाएंगे। टॉड ग्रीनबर्ग ने स्पष्ट किया है कि यह मंच पूरी तरह से गोपनीय होगा। बोर्ड ने यह भी साफ कर दिया है कि साल 2018 की शुरुआती जांच को दोबारा शुरू करने का उनका कोई इरादा नहीं है। इसके अलावा, गोपनीयता बनाए रखने के कारणों से इस मंच की चर्चाओं को सार्वजनिक भी नहीं किया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए किसी भी व्यक्ति पर कोई दबाव नहीं होगा, यह पूरी तरह से स्वैच्छिक होगा। आने वाले समय में एक स्वतंत्र व्यक्ति को इस प्रक्रिया के लिए नियुक्त किया जाएगा और काम की शर्तें भी तय की जाएंगी। मंच से प्राप्त जानकारी को सार्वजनिक करना है या नहीं, इसका निर्णय क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया बाद में लेगा।

खेल के हित में लिया गया फैसला

अंतरिम अध्यक्ष डेविड बून ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि बोर्ड की बैठक में इस विषय पर लंबी चर्चा की गई है और अंततः यह फैसला लिया गया जो खेल के भविष्य और हित में है। बून ने कहा कि पिछले करीब एक दशक से यह घटना ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की बातचीत का मुख्य हिस्सा बनी हुई है और कई लोगों के लिए यह दौर काफी मानसिक कष्ट वाला रहा है। बोर्ड का मानना है कि अब इस अध्याय को एक सम्मानजनक तरीके से बंद करने का समय आ गया है। वहीं, मुख्य कार्यकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने इस बात पर जोर दिया कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को इस पूरी प्रक्रिया को खुले दिमाग से देखने की जरूरत है। उन्होंने माना कि इन पुरानी बातों का असर खेल की छवि पर पड़ रहा है और इससे नुकसान हो रहा है, इसलिए इससे बाहर निकलने का रास्ता खोजना जरूरी है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यह किसी प्रकार की कानूनी दोबारा जांच नहीं है और न ही इसका उद्देश्य किसी पर मुकदमा चलाना या किसी को सजा देना है। चूंकि यह घटना साढ़े आठ साल पहले हुई थी, इसलिए इस प्रक्रिया को एक सुरक्षित और स्वतंत्र माहौल के तौर पर देखा जाना चाहिए जहां लोग अपनी बात रख सकें। बोर्ड को उम्मीद है कि सभी संबंधित पक्ष इस पहल का सम्मान करेंगे।

https://www.indiatv.in/sports/cricket/cricket-australia-set-up-independent-forum-into-sandpapergate-but-will-not-relitigate-the-incident-2026-11-18-1254960