प्रयागराज: शहर के साउथ मलाका इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मकान के भीतर से चार लोगों के शव बरामद किए गए हैं। बंद कमरे में पिता, माता और बेटी के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घर का दरवाजा बाहर से बंद पड़ा था। कमरे से दुर्गंध उठने पर स्थानीय लोगों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई, जहां से चार शव बरामद हुए। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची। पुलिस मामले की पड़ताल में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो पाई है, हालांकि इसे हत्या का मामला माना जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दुर्गंध उठने पर लोगों ने बुलाई पुलिस
प्रयागराज की कोतवाली के साउथ मलाका चौराहे पर स्थित एक मकान में चार लोगों के शव मिले हैं। बताया जा रहा है कि शव कई दिन पुराने हैं। मंगलवार दोपहर जब शवों से तेज दुर्गंध आने लगी तो आसपास के लोगों को कुछ गड़बड़ी की आशंका हुई। इसके बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस को बुलाया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने दरवाजा तोड़ा तो कमरे में वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी और उनकी बेटी मीनाक्षी के शव अलग-अलग पड़े मिले। तीनों के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं। फिलहाल फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट समेत कई अहम सुराग जुटाए हैं।
तीन मंजिला मकान, प्रॉपर्टी विवाद की भी जांच
जानकारी के अनुसार साउथ मलाका के मुख्य चौराहे पर एक तीन मंजिला मकान है। इसमें नीचे की मंजिल पर अलग-अलग दुकानें बनी हैं, जबकि ऊपरी मंजिल पर लोग रहते हैं। आसपास के लोगों का कहना है कि कई दिनों से इस घर से कोई बाहर नहीं निकला था और जब दुर्गंध फैलने लगी, तभी लोगों को शक हुआ। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि इनकी हत्या किस तरह की गई। पुलिस इस परिवार में संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद की भी पड़ताल कर रही है।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/three-dead-body-found-from-a-room-in-prayagraj-2026-06-02-1222580