दिल्ली में आयोजित एससीओ सम्मेलन में शामिल होंगे पाकिस्तानी मंत्री
पाकिस्तान की सरकार ने शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के तहत आयोजित होने वाले ‘सभ्यतागत और सांस्कृतिक संवाद’ कार्यक्रम के लिए अपने जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. मुसादिक मलिक को देश का प्रतिनिधि नामित किया है। यह महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन 20 नवंबर से भारत की राजधानी नई दिल्ली में शुरू हो रहा है। यदि मुसादिक मलिक का यह दौरा पूरा होता है, तो यह पिछले 3 साल से भी अधिक समय में किसी भी पाकिस्तानी संघीय मंत्री की पहली भारत यात्रा होगी। इतने लंबे अंतराल के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री के आगमन को लेकर राजनयिक गलियारों में सुगबुगाहट तेज हो गई है।
सिंधु जल संधि पर दिए विवादित बयान के लिए जाने जाते हैं मलिक
डॉ. मुसादिक मलिक को इस्लामाबाद के उन नेताओं में गिना जाता है जो भारत के खिलाफ खुलकर बयानबाजी करते रहे हैं। सिंधु जल संधि से जुड़े मामले पर उन्होंने पूर्व में भारत को आक्रामक लहजे में गीदड़भभकी दी थी। मलिक ने धमकी भरे शब्दों में कहा था कि उनके देश के पानी पर हाथ डालने वाले का हाथ काट दिया जाएगा। अपने इस कड़े और विवादित बयान की वजह से वह भारतीय मीडिया और राजनयिक क्षेत्रों में काफी चर्चित रहे हैं। यही वजह है कि उनकी दिल्ली यात्रा को केवल एक सांस्कृतिक भागीदारी के रूप में नहीं देखा जा रहा है।
भारतीय जमीन पर कूटनीतिक दबाव बनाने की तैयारी
सरकार के शीर्ष सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मुसादिक मलिक को नई दिल्ली भेजने का निर्णय पाकिस्तान का एक बेहद सोचा समझा कदम है। इस्लामाबाद की रणनीति यह है कि सिंधु जल संधि से जुड़े विवाद को सीधे भारतीय धरती पर उठाकर मामले को नया मोड़ दिया जाए।
सूत्रों का कहना है कि मलिक इस बहुपक्षीय अंतरराष्ट्रीय मंच का उपयोग भारत सरकार के उस निर्णय के खिलाफ कड़ा विरोध जताने के लिए करना चाहते हैं, जिसके तहत पानी के बंटवारे से जुड़े इस ऐतिहासिक समझौते को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। पाकिस्तान की इस कूटनीतिक चाल का मकसद भारत पर अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाना है, हालांकि भारतीय पक्ष भी इस स्थिति पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए है।
https://hindi.news18.com/news/nation/pakistan-minister-musadik-malik-who-threatened-india-to-visit-delhi-for-sco-meet-amid-indus-waters-dispute-10988268.html