उत्तराखंड में हरियाणा से पहुंचने वाले पर्यटकों से जुड़े विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। कुछ समय पहले कैथल के युवकों के साथ हुई मारपीट का मामला सुर्खियों में था और अब यमुनानगर के एक युवक से जुड़ा एक नया विवाद सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के साथ चर्चा का विषय बन गया है। यह घटना रुद्रप्रयाग जिले के प्रसिद्ध तृतीय केदार तुंगनाथ धाम के यात्रा मार्ग की बताई जा रही है, जहां एक खच्चर संचालक और हरियाणा से आए युवक के बीच कहासुनी के बाद हाथापाई हो गई।
आरोप है कि युवक ने अपने हाथ में पहने स्टील के कड़े से खच्चर संचालक के सिर पर प्रहार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने युवक को धर दबोचा और उसका वीडियो बनाकर उसे पुलिस के हवाले कर दिया। यह वीडियो सामने आने के बाद यमुनानगर में भी इस घटना को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
दूसरे के झगड़े में कूद पड़ा युवक
बताया जा रहा है कि यह घटना 6 जून की है। तुंगनाथ धाम यात्रा मार्ग पर रास्ता बताने को लेकर एक यात्री और घोड़ा-खच्चर संचालक के बीच बहस छिड़ गई। इसी बीच यमुनानगर निवासी 19 वर्षीय राघव भी इस विवाद में शामिल हो गया। आरोप है कि बीच-बचाव करने के बजाय उसने खच्चर संचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी और स्टील के कड़े से उसके सिर पर वार कर दिया। इसके बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़ लिया।
भीड़ ने घेरकर बनाया वीडियो
वायरल वीडियो में युवक जमीन पर बैठा नजर आ रहा है और स्थानीय लोग उससे उसका नाम, पिता का नाम और पता पूछते दिखाई दे रहे हैं। युवक खुद को यमुनानगर का निवासी बता रहा है। वीडियो में स्थानीय लोग यह भी कहते सुनाई दे रहे हैं कि पहाड़ों में आने वाले कुछ हरियाणवी पर्यटकों के व्यवहार से माहौल बिगड़ रहा है। पुलिस ने दोनों पक्षों को पूछताछ के लिए ऊखीमठ थाने पहुंचाया है।
20 मई को दो पर्यटकों के साथ हुई थी मारपीट
इससे पहले 20 मई को भी ऋषिकेश में हरियाणा के कैथल निवासी दो युवकों के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। इन दोनों युवकों पर एक बच्ची की ओर आपत्तिजनक इशारे करने का आरोप लगा था, जबकि युवकों का दावा था कि उन्हें सिर्फ हरियाणा नंबर की गाड़ी होने के कारण निशाना बनाया गया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं ने अब हरियाणा और उत्तराखंड के बीच पर्यटकों के व्यवहार को लेकर एक नई बहस को जन्म दे दिया है।
https://www.indiatv.in/india/national/tungnath-dham-haryana-young-man-clash-with-mule-driver-locals-said-such-tourists-entry-should-be-banned-2026-06-08-1223729