हरिद्वार में 'ऑपरेशन कालनेमी': साधु के भेष में घूम रहे 40 ढोंगी पुलिस की गिरफ्त में

उत्तराखंड में चल रहे 'ऑपरेशन कालनेमी' के तहत हरिद्वार पुलिस ने साधु-संत का वेश धारण कर श्रद्धालुओं से दान-दक्षिणा वसूलने वाले 40 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों में पश्चिम बंगाल समेत कई राज्यों से आए लोग शामिल हैं।

हरिद्वार में 'ऑपरेशन कालनेमी' के अंतर्गत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए साधु-संत का स्वांग रचकर आम लोगों के बीच घूम रहे 40 लोगों को धर दबोचा है। पुलिस का कहना है कि ये लोग अपनी असली धार्मिक पहचान छिपाकर भगवा वस्त्र पहनते और कंठी-माला धारण कर श्रद्धालुओं से दान-दक्षिणा वसूलते थे तथा लोगों की आस्था का नाजायज लाभ उठा रहे थे। हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देशन में कलियर शरीफ और उसके आसपास के इलाकों में बड़े पैमाने पर सत्यापन अभियान चलाया गया।

बंगाल समेत कई राज्यों से पहुंचे थे फर्जी साधु

इस अभियान के दौरान साधु के वेश में मौजूद कई लोगों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की पड़ताल की गई। जांच में 40 लोग संदिग्ध पाए गए, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और कागजातों की जांच में सामने आया कि पकड़े गए लोगों में अकबर, सलमान, नजीर, वसीम, आमिर और महताब जैसे नाम शामिल हैं। इनमें से कुछ लोग पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों से हरिद्वार आए थे। पुलिस का कहना है कि ये लोग साधु बनकर धार्मिक स्थलों और चारधाम यात्रा के मार्गों पर डेरा जमाते थे।

सभी आरोपियों पर मुकदमा दर्ज

पुलिस ने बताया कि पकड़े गए फर्जी साधुओं में से कुछ तंत्र-मंत्र करने का दावा करते थे, तो कुछ भजन गाकर भीख मांगा करते थे। जांच में ये सभी संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि धार्मिक आस्था की आड़ में लोगों को गुमराह करने वालों को किसी भी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। उन्होंने कहा कि असामाजिक गतिविधियों में लिप्त तत्वों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे लोगों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई होती रहेगी।

आगे भी जारी रहेगा 'ऑपरेशन कालनेमी'

उल्लेखनीय है कि उत्तराखंड सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी इससे पहले भी फर्जी साधुओं तथा ढोंगियों के विरुद्ध अभियान चलाने की बात कर चुके हैं। इसी क्रम में 'ऑपरेशन कालनेमी' की शुरुआत की गई, जिसके तहत धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग करने वाले लोगों की शिनाख्त कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने तथा लोगों की आस्था का गलत फायदा उठाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। इससे पहले भी ऐसे अभियानों में कई फर्जी साधु और ढोंगी पकड़े जा चुके हैं।

https://www.indiatv.in/india/national/action-taken-under-operation-kalnemi-in-haridwar-police-arrest-40-fake-babas-2026-06-02-1222625