मोतिहारी: शराबी पिता ने 8 साल की मासूम बेटी को फर्श पर पटका, मौके पर ही मौत

पूर्वी चंपारण के चकिया स्थित बरमादिया गांव में रोटी को लेकर हुए मामूली विवाद में नशे में धुत पिता ने अपनी 8 वर्षीय बेटी को पक्के फर्श पर पटक दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

पूर्वी चंपारण जिले के चकिया से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। वार्ड संख्या-2 में पड़ने वाले बरमादिया गांव में रोटी को लेकर हुए एक मामूली विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि एक शराबी पिता ने अपनी ही 8 साल की बेटी की जान ले ली। इस वारदात के बाद से समूचे गांव में मातम का माहौल है और लोग आरोपी की इस क्रूरता की कड़ी निंदा कर रहे हैं।

रोटी के विवाद ने ली मासूम की जान

जानकारी के अनुसार, बरमादिया गांव का रहने वाला चंदेश्वर शाह शराब के नशे में अपने घर पहुंचा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर परिवार में कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि रोटी मांगने और खाने को लेकर विवाद इस कदर बढ़ गया कि आरोपी ने अपना आपा खो दिया। गुस्से में उसने अपनी 8 साल की बेटी रानी कुमारी को गोद से उठाया और जोर से पक्के फर्श पर पटक दिया। फर्श पर गिरते ही बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई।

मौके पर ही टूटी सांसें

परिजन और आसपास के लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद घर में कोहराम मच गया। घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। खबर मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय थाने को पूरे मामले से अवगत कराया। इसके बाद इंस्पेक्टर धीरज कुमार और थाना अध्यक्ष धर्म प्रकाश पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की जाने लगी।

वारदात के बाद फरार हुआ आरोपी

इसी बीच आरोपी पिता मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

मां का रो-रोकर बुरा हाल

घटना के बाद मृत बच्ची की मां राधा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। वह अपने दो अन्य बच्चों के साथ बिलख रही हैं। गांव के लोगों का कहना है कि किसी ने कभी कल्पना भी नहीं की थी कि एक पिता अपनी ही बेटी के साथ इतनी क्रूरता कर सकता है।

https://hindi.news18.com/news/bihar/motihari-father-kills-daughter-by-throwing-her-on-floor-in-motihari-chakia-local18-10549998.html