बदायूं के रामलीला मेले में खिलौना खरीदने पर विवाद, दुकानदार और उसके बेटे ने चाकू मारकर 2 दोस्तों की हत्या की

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में रामलीला मेले में खिलौना खरीदने को लेकर हुए विवाद में दो युवकों की चाकू गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके फरार बेटे की तलाश की जा रही है।

रामलीला मेले में खिलौना खरीदने के दौरान भड़की हिंसा

उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक दर्दनाक और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां दातागंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत दातागंज कस्बे में आयोजित रामलीला मेले में दो पक्षों के बीच अचानक भारी विवाद हो गया। जानकारी के अनुसार मेले में खिलौना खरीदने पहुंचे दो दोस्तों की एक दुकानदार से कहासुनी हो गई। बहस इतनी बढ़ गई कि दुकानदार के बेटे ने आपा खो दिया और दोनों दोस्तों पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस हिंसक वारदात में दोनों युवकों की जान चली गई है। घटना के बाद पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी दुकानदार को हिरासत में ले लिया है, जबकि उसका फरार बेटा अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।

चाकू के वार से 2 दोस्तों की हुई दर्दनाक मौत

यह पूरी घटना शनिवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। बदायूं के दातागंज स्थित रामलीला मेले में खिलौने की दुकान पर सामान खरीदने को लेकर दो दोस्तों की दुकानदार से बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते बात इतनी ज्यादा बिगड़ गई कि दुकानदार के बेटे ने चाकू से दोनों युवकों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। आरोपी ने लगातार कई बार वार करके दोनों को बुरी तरह छलनी कर दिया।

इस भीषण हमले में घायल हुए युवकों की पहचान ग्राम बेहटा माधौ के निवासी रितिक और रोहित के रूप में की गई है। चाकू के गंभीर जख्मों के कारण रोहित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं रितिक को गंभीर हालत में इलाज के लिए बरेली ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया।

विधायक के रिश्तेदार का बेटा था मृतक रितिक

इस घटना से जुड़ी एक और अहम जानकारी सामने आई है। मृतक रितिक, दातागंज क्षेत्र के विधायक राजीव कुमार सिंह बब्बू भैया के गांव के ही रहने वाले उनके फुफेरे भाई मुकेश का पुत्र था। रितिक अपने पिता मुकेश का इकलौता बेटा था और वह एसडीएम कार्यालय में आउटसोर्सिंग के पद पर अपनी सेवाएं दे रहा था। परिवार के इकलौते बेटे की इस तरह हत्या हो जाने से पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।

मेला परिसर में मची अफरा-तफरी, सन्नाटा पसरा

वारदात होते ही रामलीला मेला परिसर में हड़कंप मच गया और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद अन्य दुकानदार डर के मारे अपनी दुकानें बंद करके भाग निकले। कुछ ही देर पहले तक जहां मेले में भारी चहल-पहल थी, वहां पूरी तरह सन्नाटा छा गया। रामलीला के दौरान हुई इस दोहरे हत्याकांड की खबर मिलते ही दातागंज थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अंकिता शर्मा और एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस बल ने आरोपी दुकानदार को कड़ी सुरक्षा के बीच हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया है।

घटना के संबंध में जानकारी देते हुए एसएसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि मामले में मुख्य आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं वारदात को अंजाम देने के बाद से फरार चल रहे आरोपी बेटे की तलाश में पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और उसे जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

https://www.indiatv.in/crime/one-arrested-for-killed-two-friends-over-dispute-for-purchasing-toys-in-fair-2026-11-08-1253459