टी-शर्ट तो रोज़ पहनते हैं, पर क्या जानते हैं इसमें छिपे 'T' का राज़? जानिए नाम और इतिहास से जुड़े मज़ेदार तथ्य

टी-शर्ट के नाम में मौजूद 'T' किसी ब्रांड या फुल-फॉर्म से नहीं, बल्कि उसके आकार से जुड़ा है। जानिए इस आरामदायक परिधान का इतिहास और यह कैसे फैशन का हिस्सा बना।

टी-शर्ट शायद ही किसी को नापसंद हो। आरामदायक होने की वजह से यह लगभग हर किसी की पसंदीदा पोशाक बन चुकी है। इसे जब मन चाहे पहन लें और जब चाहें झट से उतार दें। हर मौसम में आसानी से पहनी जाने वाली यह पोशाक बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सबकी पसंद है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इसे टी-शर्ट नाम मिला कैसे और इसमें मौजूद 'T' का असल मतलब क्या है? अगर नहीं, तो आइए जानते हैं।

दुनिया की सबसे लोकप्रिय पोशाकों में शामिल

लड़के हों या लड़कियां, महिलाएं हों या पुरुष, या फिर बुजुर्ग—हर कोई टी-शर्ट पहनना पसंद करता है। यही वजह है कि यह दुनिया के सबसे लोकप्रिय परिधानों में से एक मानी जाती है। तरह-तरह के रंगों, डिजाइनों और टेक्स्ट वाली टी-शर्ट लिनेन, कॉटन, पॉलिएस्टर और कॉटन-पॉलिएस्टर ब्लेंड जैसे कई फैब्रिक में उपलब्ध रहती हैं। हर फैब्रिक से बनी टी-शर्ट के अपने-अपने फायदे होते हैं।

टी-शर्ट में 'T' का क्या मतलब है?

यह सवाल कभी न कभी हर किसी के मन में आता है कि आखिर इस 'T' का अर्थ क्या है। असल में, यह 'T' न तो कोई खास शब्द है और न ही किसी फुल-फॉर्म से जुड़ा है। यह नाम किसी ब्रांड या कंपनी से भी नहीं आया। दरअसल यहां 'T' का संबंध इसके आकार यानी शेप से है।

जब भी आप इस्त्री करने के लिए या किसी समतल जगह पर टी-शर्ट को फैलाकर रखते हैं, तो वह अंग्रेज़ी के अक्षर 'T' जैसी दिखाई देती है। संभवतः इसी कारण इस कपड़े को टी-शर्ट नाम दिया गया। आज बाज़ार में यह कई वेरायटी, डिजाइन, कॉलर वाली, बिना कॉलर वाली, वी-नेक, राउंड-नेक और तमाम साइज़ों में मिलती है। कैजुअल पहनावे से लेकर शॉपिंग, सफर या घर में पहनने तक, ज़्यादातर लोग टी-शर्ट को ही प्राथमिकता देते हैं। इसे पहनना भी बेहद आसान है—झट से गले में डालो और फट से उतार दो।

कब शुरू हुआ टी-शर्ट का चलन?

टी-शर्ट की शुरुआत 19वीं सदी के अंत और 20वीं सदी की शुरुआत में हुई थी। पहले इसे अंडरगारमेंट यानी अंदर पहने जाने वाले कपड़े के रूप में इस्तेमाल किया जाता था। हल्की और बेहद आरामदायक होने के कारण मुख्य रूप से इसे मजदूर, नाविक और सैनिक पहना करते थे।

कैसे बनी फैशन का हिस्सा?

द्वितीय विश्व युद्ध के बाद सैनिकों ने टी-शर्ट को सामान्य कपड़े की तरह पहनना शुरू कर दिया। इसके बाद 1950 में कुछ हॉलीवुड सितारों ने इसे अपनाया, जिनमें मार्लन ब्रांडो और जेम्स डीन जैसे नाम शामिल हैं। इन्होंने अपनी फिल्मों में टी-शर्ट पहनकर इसे फैशन का प्रतीक बना दिया, और धीरे-धीरे यह पूरी दुनिया में लोकप्रिय हो गई।

टी-शर्ट की खासियत

  • पहनने में बेहद हल्की और आरामदायक होती है।
  • किसी भी मौसम में पहनी जा सकती है।
  • इसे धोना, सुखाना और संभालकर रखना बेहद आसान होता है।
  • अलग-अलग रंगों, डिजाइनों और फैब्रिक में उपलब्ध रहती है।
  • पुरुषों, महिलाओं और बच्चों—सभी के लिए उपयुक्त है।

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/fashion-what-does-t-mean-in-t-shirt-how-did-t-shirt-get-its-name-speciality-when-become-part-of-fashion-know-interesting-story-10549288.html