दिवाली पर आतिशबाजी या दीये से घर में लग जाए आग, तो क्या बीमा कंपनी देगी मुआवजा? जानिए क्लेम की पूरी प्रक्रिया

दिवाली के दौरान पटाखों या दीयों से घर में आग लगने की घटना होने पर क्या बीमा कंपनी नुकसान की भरपाई करेगी, फरीदाबाद के वकील मोहन तिवारी से जानिए क्लेम हासिल करने की पूरी प्रक्रिया।

दिवाली पर आगजनी की घटनाएं और बीमा सुरक्षा

दिवाली खुशियों और रोशनी का त्योहार है, लेकिन कई बार इस दौरान असावधानी के कारण गंभीर हादसे भी हो जाते हैं। इस पर्व पर सबसे ज्यादा हादसे आग लगने के देखने को मिलते हैं। अक्सर दीये, मोमबत्ती या पटाखों की चिंगारी से घरों में आग लग जाती है, जिससे भारी वित्तीय नुकसान होता है। ऐसे में यदि आपके घर और सामान का बीमा है, तो यह जानना जरूरी है कि क्या बीमा कंपनी इस नुकसान की भरपाई करेगी या नहीं।

बीमा पॉलिसी की शर्तों को समझें

लोकल 18 से बातचीत के दौरान फरीदाबाद के एडवोकेट मोहन तिवारी ने बताया कि यदि आपने अपने घर का बीमा कराया है, तो आपको सबसे पहले अपनी इंश्योरेंस पॉलिसी के कागजात को ध्यान से देखना चाहिए। उन्होंने बताया कि पॉलिसी में यह स्पष्ट रूप से देखना होगा कि उसमें केवल घर के ढांचे का बीमा है या फिर घर के अंदर रखे सामान को हुए नुकसान की भरपाई भी शामिल है।

क्लेम की प्रक्रिया और शिकायत का तरीका

अगर आपकी पॉलिसी में घर के सामान का बीमा भी शामिल है, तो आप आग लगने से हुए नुकसान के लिए बीमा कंपनी के पास दावा कर सकते हैं। इसके लिए हादसे के तुरंत बाद कंपनी को सूचित करना और जरूरी प्रक्रिया का पालन करना होता है। यदि सभी दस्तावेज सही होने के बावजूद बीमा कंपनी क्लेम देने से मना करती है, तो ग्राहक इसके खिलाफ उपभोक्ता फोरम या संबंधित बीमा नियामक के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

https://hindi.news18.com/news/haryana/faridabad-diwali-fire-damage-how-to-claim-insurance-local18-10962571.html