पलामू में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
देश भर में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर किए जाने वाले तमाम दावों के बीच झारखंड के पलामू से एक बेहद शर्मनाक और विचलित करने वाली घटना सामने आई है। इस घटना ने सार्वजनिक परिवहन, विशेषकर ऑटो और टोटो की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पलामू में टोटो चालकों द्वारा एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म की इस वारदात ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को किया गिरफ्तार
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि घटना में शामिल तीनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए सभी आरोपी भमदा गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों की पहचान 20 वर्षीय अभय दीक्षित, 38 वर्षीय सुबोध दीक्षित और 26 वर्षीय मुकेश दीक्षित के रूप में हुई है। एसपी के अनुसार, इनमें से दो ऑटो चालकों ने नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया, जबकि तीसरा आरोपी भी मौके पर मौजूद था।
क्या है पूरी घटना
घटना की कड़ी उस वक्त जुड़ी जब एक नाबालिग लड़की का उंटारी रोड के रहने वाले एक युवक के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इसी गांव में पीड़िता की मौसी का घर भी है। जब लड़की को यह जानकारी मिली कि उस युवक की शादी होने वाली है और उसने लड़की से बात करना भी काफी कम कर दिया है, तो वह परेशान हो गई। इस युवक से बातचीत करने और मामले की सच्चाई जानने के लिए लड़की ने मुकेश दीक्षित का ऑटो बुक किया और उंटारी रोड अपनी मौसी के घर पहुंच गई।
युवक के फरार होने के बाद बदली स्थिति
जैसे ही युवक को पता चला कि लड़की उससे मिलने गांव आ गई है, वह अपने घर से फरार हो गया। वहीं, मौसी ने भी पीड़िता को अपने घर से वापस जाने के लिए कह दिया। इसके बाद, लड़की वापस अपने घर लौटने के लिए उसी बुक किए गए ऑटो में सवार हुई। रास्ते में ही ऑटो की बैटरी खत्म हो गई। इसके बाद, मुख्य आरोपी ने अभय दीक्षित का दूसरा टोटो किराए पर लिया और रास्ते में सुबोध दीक्षित भी उस टोटो में सवार हो गया।
पुलिस तक कैसे पहुंचा मामला
इस पूरी घटना के बाद पीड़िता चुपचाप अपने घर चली गई थी। मामले का खुलासा तब हुआ जब लड़की के गायब प्रेमी के परिजन उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे। पीड़िता का प्रेमी भी नाबालिग है। पुलिस जब उस लड़के की तलाश करते हुए पीड़िता तक पहुंची, तो पूछताछ के दौरान उसने आपबीती सुनाई। पीड़िता के बयान के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने इस दौरान गायब नाबालिग प्रेमी को भी सकुशल बरामद कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
https://hindi.news18.com/news/jharkhand/palamu-minor-gang-raped-in-palamu-three-toto-drivers-arrested-ws-l-10956209.html