उत्तर प्रदेश में सीएनजी हुई महंगी, 108 रुपये तक पहुंचे दाम

उत्तर प्रदेश में सीएनजी की कीमतों में भारी उछाल आया है। ग्रीन गैस लिमिटेड ने आपूर्ति लागत बढ़ने का हवाला देते हुए दाम में 2.25 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी कर दी है।

उत्तर प्रदेश में वाहन चालकों की जेब पर बोझ बढ़ गया है। राज्य में सीएनजी की आपूर्ति करने वाली प्रमुख कंपनी ग्रीन गैस लिमिटेड ने कीमतों में वृद्धि का ऐलान किया है। कंपनी ने सीएनजी के दामों में 2.25 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी की है। ये नई दरें 1 नवंबर से प्रभावी हो चुकी हैं। कंपनी का कहना है कि सर्दियों के मौसम में ईंधन की मांग में तेजी आने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सप्लाई चेन में आ रही अनिश्चितताओं के कारण आरएलएनजी की खरीद काफी महंगी हो गई है, जिसका सीधा असर सीएनजी की कीमतों पर पड़ा है।

किन शहरों में कितनी बढ़ी कीमतें

ग्रीन गैस लिमिटेड मुख्य रूप से इंडियन ऑयल और गेल जैसी सरकारी कंपनियों का एक संयुक्त उपक्रम है। यह कंपनी उत्तर प्रदेश के 5 प्रमुख शहरों में गैस की आपूर्ति सुनिश्चित करती है। ताजा बढ़ोतरी के बाद लखनऊ, आगरा, उन्नाव, अयोध्या और सुल्तानपुर के लाखों उपभोक्ताओं को अब अधिक भुगतान करना होगा। कंपनी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक बढ़ोतरी उन्नाव में दर्ज की गई है, जहाँ दाम 2.25 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाए गए हैं। वहीं लखनऊ, आगरा, अयोध्या और सुल्तानपुर में ग्राहकों को प्रति किलोग्राम 1 रुपये का अतिरिक्त भार सहना होगा। इन परिवर्तनों के साथ लखनऊ और आगरा में सीएनजी का भाव अब 108 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया है, जबकि अयोध्या और सुल्तानपुर में यह दर 106 रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है।

अक्टूबर में भी बढ़े थे दाम

उल्लेखनीय है कि उपभोक्ताओं पर महंगाई का यह असर हाल ही में दूसरी बार देखा गया है। इससे पहले अक्टूबर के महीने में भी ग्रीन गैस लिमिटेड ने सीएनजी के दाम में इजाफा किया था। उस दौरान कंपनी ने इनपुट गैस की लागत में वृद्धि, स्पॉट एलएनजी के महंगे होने और मुद्रा विनिमय दरों में अस्थिरता को जिम्मेदार ठहराया था। पिछले महीने कंपनी ने सीएनजी की कीमतों में 2 रुपये से लेकर 3.25 रुपये प्रति किलोग्राम तक की बढ़ोतरी की थी। उस समय अयोध्या और सुल्तानपुर के ग्राहकों पर सबसे अधिक प्रभाव पड़ा था, जहां दरों में 3.25 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। लगातार हो रही इस मूल्य वृद्धि से आम जनता के परिवहन खर्च में इजाफा हो रहा है।

  • लखनऊ में नई कीमत 108 रुपये, बढ़ोतरी 1 रुपये
  • आगरा में नई कीमत 108 रुपये, बढ़ोतरी 1 रुपये
  • उन्नाव में नई कीमत 106 रुपये, बढ़ोतरी 2.25 रुपये
  • अयोध्या में नई कीमत 106 रुपये, बढ़ोतरी 1 रुपये
  • सुल्तानपुर में नई कीमत 106 रुपये, बढ़ोतरी 1 रुपये

https://www.indiatv.in/paisa/business/cng-price-reaches-rs-108-rates-increased-by-up-to-rs-2-25-in-various-cities-across-up-2026-11-01-1252151