मुंह में रखते ही घुल जाती है कागज जैसी यह मिठाई, हैदराबाद में बढ़ रहा 'पेपर स्वीट' का क्रेज

आंध्र प्रदेश के आत्रेयपुरम गांव से जुड़ी पूथारेकुलु, जिसे 'पेपर स्वीट' कहा जाता है, अपने अनोखे स्वाद और मुंह में घुलने वाली बनावट के कारण हैदराबाद में खूब लोकप्रिय हो रही है। जानिए इसे घर पर बनाने की आसान विधि।

तेलंगाना और खासकर हैदराबाद का खान-पान अपनी समृद्ध और निराली खाद्य संस्कृति के लिए पूरे देश में जाना जाता है। यहां के लोग जिस चाव से हैदराबादी बिरयानी और ईरानी चाय का लुत्फ उठाते हैं, उतनी ही दिलचस्पी पारंपरिक मिठाइयों में भी रखते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया और स्थानीय बाजारों के जरिए आंध्र प्रदेश की मशहूर मिठाई आत्रेयपुरम पूथारेकुलु एक बार फिर सुर्खियों में है।

'पेपर स्वीट' के नाम से पहचानी जाने वाली यह मिठाई अपने खास स्वाद और मुंह में जाते ही घुल जाने वाली बनावट की वजह से लोगों की पसंदीदा बनती जा रही है। मूल रूप से आंध्र प्रदेश के गोदावरी जिले के आत्रेयपुरम गांव से जुड़ी इस मिठाई को अब हैदराबाद के बड़े मिठाई स्टोर्स और घरों में भी खूब सराहा जा रहा है। त्योहारों और खास मौकों पर इसे विशेष रूप से बनाया जाता है। आइए जानते हैं इसे घर पर तैयार करने का सरल तरीका।

जरूरी सामग्री

इस मिठाई को बनाने के लिए आपको चाहिए 1 कप चावल का आटा, आधा कप शुद्ध देसी घी, 1 कप गुड़ या चीनी का पाउडर, बारीक कटे काजू, बादाम और पिस्ता, 1 छोटा चम्मच इलायची पाउडर, एक पतला सूती कपड़ा और एक उल्टा रखा मिट्टी का बर्तन।

परत तैयार करने की विधि

सबसे पहले चावल के आटे में पानी मिलाकर बहुत पतला और पारदर्शी घोल बना लें। यह घोल इतना पतला होना चाहिए कि देखने में लगभग पानी जैसा लगे। इसके बाद पारंपरिक तरीके से एक मिट्टी के बर्तन को उल्टा करके आंच पर गर्म किया जाता है।

जब बर्तन अच्छी तरह तप जाए तो सूती कपड़े को चावल के घोल में भिगोकर बर्तन की सतह पर तेजी से घुमाया जाता है। इससे कुछ ही पलों में कागज जैसी बेहद पतली और पारदर्शी परत बनकर तैयार हो जाती है। इस परत को सावधानी से उतार लें और इसी तरह कई परतें बना लें।

स्टफिंग और रोल बनाने का तरीका

अब चावल की दो या तीन परतों को एक के ऊपर एक रखें और इन पर पिघला हुआ शुद्ध घी अच्छी तरह लगाएं। इसके बाद ऊपर से पिसी चीनी या गुड़ का पाउडर, बारीक कटे ड्राई फ्रूट्स और इलायची पाउडर समान रूप से छिड़क दें। फिर परतों के दोनों किनारों को अंदर की ओर मोड़ते हुए इसे चौकोर पट्टी या रोल का आकार दे दें।

इस तरह आपकी स्वादिष्ट आत्रेयपुरम पूथारेकुलु बनकर तैयार है। यह मिठाई त्योहारों, पारिवारिक आयोजनों और मेहमाननवाजी के लिए बेहद खास मानी जाती है। शाम की चाय के साथ इसका स्वाद और भी ज्यादा आनंद देता है।

https://hindi.news18.com/news/lifestyle/recipe-best-sweet-of-hyderabada-recipe-craze-for-andhra-athreyapuram-pootharekulu-increases-local18-ws-l-10549659.html