डोमिनिकन रिपब्लिक में एक भीषण विमान हादसा सामने आया है, जहां इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश के दौरान एक प्राइवेट प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। क्रैश होते ही विमान में जोरदार धमाके के साथ आग भड़क उठी और देखते ही देखते पूरा प्लेन आग के गोले में बदल गया। यह हादसा डोमिनिकन रिपब्लिक के ला रोमाना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुआ। इस दुर्घटना में पायलट और को-पायलट दोनों की मौत हो गई।
कैसे हुआ हादसा
हादसे का शिकार हुआ विमान अमेरिकी रजिस्टर्ड प्राइवेट जेट गल्फस्ट्रीम G200 था, जो प्यूर्टो रिको से टेक्सास की ओर उड़ान भर रहा था। जानकारी के मुताबिक टेकऑफ के तुरंत बाद विमान में इंजन फेलियर या हाइड्रॉलिक से जुड़ी समस्या की सूचना मिली। संकट को भांपते हुए क्रू ने आपातकालीन लैंडिंग का प्रयास किया, मगर हार्ड लैंडिंग के बाद विमान घास में फिसल गया और आग की लपटों में घिर गया।
इस दुर्घटना में सवार दोनों क्रू मेंबर्स की जान चली गई। मृतकों की पहचान एरिक जेवियर डियागो और रूडी गजल के रूप में हुई है। बताया गया है कि दोनों ही पायलट थे।
बाल-बाल बचे मेजर लीग बेसबॉल के स्टार
राहत की बात यह रही कि हादसे का शिकार बना यह प्राइवेट जेट खाली था और इसमें कोई यात्री सवार नहीं था। पूर्व मेजर लीग बेसबॉल खिलाड़ी यादियर मोलिना ने बताया कि यही फ्लाइट उन्हें और उनके परिवार को लेने आने वाली थी, लेकिन सौभाग्य से वे उस विमान में मौजूद नहीं थे। फिलहाल डोमिनिकन अधिकारी इस पूरी घटना की जांच में जुटे हुए हैं।
https://www.indiatv.in/world/around-the-world/dominican-republic-plane-crashed-during-emergency-landing-killing-pilot-and-co-pilot-2026-06-08-1223667