फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार को UAE राष्ट्रपति ने लगाया गले, सम्मानित हुए ऑर्डर ऑफ जायेद द्वितीय से

फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार ने अपनी सूझबूझ से 174 यात्रियों की जान बचाई थी, जिसके लिए उन्हें यूएई के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से नवाजा गया है।

शाही सम्मान से नवाजे गए कैप्टन स्मित

आसमान में मौत के मंजर को मात देकर सैकड़ों मासूम जिंदगियां बचाने वाले फ्लाईदुबई के कैप्टन स्मित मच्छार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के प्रतिष्ठित ऑर्डर ऑफ जायेद द्वितीय, फर्स्ट क्लास से सम्मानित किया गया है। जब कैप्टन स्मित अपने हाथ में ब्रेस पहने हुए अपने क्रू मेंबर्स के साथ इस भव्य कार्यक्रम में पहुंचे, तो वहां मौजूद हर शख्स की आंखें इस असली हीरो के समर्पण और अदम्य साहस को देखकर गर्व से भर आईं।

शाही परिवारों के बीच हुआ सम्मान समारोह

इस सम्मान समारोह के दौरान यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने स्वयं आगे बढ़कर कैप्टन मच्छार को गले से लगा लिया। इस ऐतिहासिक क्षण के दौरान दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम समेत दोनों अमीरात के शाही परिवारों के कई सदस्य मौजूद थे। इस विशेष कार्यक्रम में न केवल कैप्टन स्मित को, बल्कि उनके पूरे क्रू मेंबर्स को भी उनकी बहादुरी के लिए पदक प्रदान किए गए।

ऑर्डर ऑफ जायेद द्वितीय का महत्व

ऑर्डर ऑफ जायेद द्वितीय यूएई का एक अत्यंत प्रतिष्ठित नागरिक और सैन्य सम्मान माना जाता है। यह उन चुनिंदा हस्तियों को दिया जाता है जिन्होंने देश और समाज के लिए असाधारण साहस व उत्कृष्ट योगदान दिया हो। दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद ने क्रू सदस्यों को पदक देते हुए कहा कि संकट की घड़ी में उनके साहस, जिम्मेदारी की भावना और त्वरित निर्णय लेने की क्षमता ने यूएई के विमानन क्षेत्र के उच्चतम मानकों को दुनिया के सामने प्रदर्शित किया है।

कैसे बचाई 174 यात्रियों की जिंदगी

यह घटना 30 सितंबर की है, जब दुबई से तेल अवीव जाने वाली उड़ान के दौरान ओमान के को-पायलट ने विमान के भीतर ही हमला कर दिया था। उस को-पायलट का इरादा अधिक से अधिक यात्रियों को नुकसान पहुंचाना था। ऐसी खौफनाक स्थिति में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार खुद गंभीर रूप से घायल हो गए थे, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। उन्होंने दर्द सहते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिससे क्रू और यात्रियों ने तेजी से नीचे गिरते विमान के भीतर हमलावर को काबू में कर लिया। यूएई के अटॉर्नी जनरल डॉ. हमद सैफ अल शम्सी ने 9 अक्टूबर को अपने बयान में पुष्टि की थी कि आरोपी का मकसद सामूहिक विनाश करना था।

इजरायल से मिला विशेष न्योता

इस साहसिक कार्य की गूंज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुनी गई। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने फोन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कैप्टन स्मित मच्छार को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में मशाल प्रज्वलित करने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित किया है।

https://www.indiatv.in/world/asia/uae-president-honours-flydubai-flight-captain-smit-machhar-order-of-zayed-ii-2026-10-28-1251339