जयपुर के मालवीय नगर स्थित नंदपुरी क्षेत्र में सड़क चौड़ीकरण को लेकर सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई। जयपुर विकास प्राधिकरण (JDA) ने सड़क सीमा में आ रहे अतिक्रमणों को हटाने का अभियान भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में शुरू किया है। मौके पर कई जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध ढांचों को गिराया जा रहा है। किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और कानून-व्यवस्था को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं। इस संवेदनशील कार्रवाई के दौरान जेडीए के कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर पल-पल की निगरानी कर रहे हैं।
80 फीट चौड़ी होगी जगतपुरा को जोड़ने वाली सड़क
जेडीए अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार जगतपुरा को जवाहर सर्किल से जोड़ने वाले मुख्य मार्ग को 80 फीट चौड़ा किए जाने की योजना है। इस सड़क सीमा के भीतर कई बड़े निर्माण आ रहे थे, जिन्हें हटाना जरूरी हो गया था। कार्रवाई के तहत सड़क सीमा में आ रहे एक मस्जिद, एक मजार, एक सत्संग भवन और दो मंदिरों के ढांचे हटाए जा रहे हैं। धार्मिक संवेदनशीलता और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रविवार देर रात से ही पूरे नंदपुरी क्षेत्र में एहतियात के तौर पर मजबूत बैरिकेडिंग कर दी गई थी, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
इंटरनेट बंदी 24 घंटे और बढ़ी
जेडीए की इस बड़ी अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई को देखते हुए राजधानी जयपुर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है। संभागीय आयुक्त वी. सरवण कुमार ने संशोधित आदेश जारी करते हुए जयपुर में इंटरनेट बंदी की अवधि अगले 24 घंटे के लिए और बढ़ा दी है। अब यह नेटबंदी 8 जून रात 12 बजे से 9 जून रात 12 बजे तक पूरी तरह लागू रहेगी।
इस फैसले के बाद जयपुर उत्तर और जयपुर पूर्व के अधिकांश थाना क्षेत्रों में इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह ठप रहेंगी। इस दौरान 2G, 3G, 4G और 5G मोबाइल डेटा के साथ-साथ सभी सोशल मीडिया सेवाओं पर पूर्ण रोक रहेगी। व्हाट्सएप, फेसबुक, एक्स (ट्विटर) और इंस्टाग्राम सहित अन्य सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म इस आदेश से प्रभावित रहेंगे। प्रशासन के अनुसार यह निर्णय इलाके में कानून-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के मकसद से लिया गया है।
ड्रोन से निगरानी और धारा 163 लागू
पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों, आरएसी (RAC) के जवानों और उच्च अधिकारियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है, वहीं आसमान से ड्रोन कैमरों और सड़कों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।
इसके साथ ही क्षेत्र में धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। इसके तहत पांच या पांच से अधिक व्यक्तियों के एक जगह जमा होने तथा किसी भी प्रकार की रैली, जुलूस या प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भड़काऊ गतिविधि करने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-jaipur-jda-action-encroachment-removal-nandpuri-live-update-internet-suspension-extended-by-another-24-hours-10549036.html