तजाकिस्तान में गूंजी भारत की आवाज
तजाकिस्तान में आयोजित एससीओ (SCO) काउंसिल ऑफ हेड्स ऑफ गवर्नमेंट की बैठक में भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आतंकवाद के वैश्विक खतरे पर खुलकर बात की। इस मंच पर पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री मोहम्मद इशाक डार भी उपस्थित थे। उनकी मौजूदगी में ही राजनाथ सिंह ने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान को घेरा और दो टूक शब्दों में कहा कि अब आतंकवाद के इकोसिस्टम को पूरी तरह से नेस्तनाबूत करने का समय आ गया है। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि जो देश आतंकियों को अपने यहां सुरक्षित ठिकाने देते हैं और उन्हें वित्तीय मदद मुहैया कराते हैं, उन्हें वैश्विक स्तर पर अलग-थलग करना अत्यंत आवश्यक है।
दोहरा चरित्र अब नहीं चलेगा
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में वैश्विक शांति के लिए आतंकवाद को सबसे बड़ी चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि कुछ देश अपनी जमीन का इस्तेमाल युवाओं को कट्टरपंथी बनाने के लिए कर रहे हैं और फिर उन्हीं युवाओं को आतंकी बनाकर उन्हें संरक्षण दे रहे हैं। रक्षा मंत्री ने बिना नाम लिए पाकिस्तान के दोहरे रवैये पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि एक तरफ ये लोग दुनिया के सामने खुद को शरीफ और शांतिप्रिय होने का नाटक करते हैं, लेकिन असलियत में वे आतंकवाद को बढ़ावा देने में लगे हुए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार का दोगलापन अब और अधिक नहीं चल सकता है। सभी मित्र देशों को एकजुट होकर ऐसे तत्वों के खिलाफ एक साझा लड़ाई लड़नी होगी ताकि आतंकवाद के पूरे तंत्र को जड़ से उखाड़ा जा सके।
आतंकवाद को पनाह देने का पुराना इतिहास
यह जगजाहिर है कि पाकिस्तान का इतिहास आतंकवादियों को प्रशिक्षण देने, उन्हें पालने-पोसने और भारत के खिलाफ साजिशें रचने का रहा है। पूर्व में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना ने सीमा पार स्थित जिन आतंकी अड्डों को ध्वस्त किया था, उन्हें अब पाकिस्तान की सेना का सीधा संरक्षण प्राप्त है और उन अड्डों को फिर से सक्रिय किया जा रहा है। भारत लगातार अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान के इस चेहरे को बेनकाब करता रहा है। पाकिस्तान की यह फितरत है कि एक ओर वह दुनिया के सामने अपनी गरीबी और आर्थिक तंगी का रोना रोकर कर्ज की भीख मांगता है, तो दूसरी ओर अपनी पूरी ताकत आतंकवाद को पोसने में लगा देता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पाकिस्तान की स्थिति इतनी बदतर हो चुकी है कि वह दुनिया के 10 सबसे संकटग्रस्त और बदहाल देशों की सूची में शामिल हो गया है, बावजूद इसके वह अपनी आतंकी नीतियों से बाज नहीं आ रहा है।
https://www.indiatv.in/world/asia/in-the-presence-of-pakistan-deputy-prime-minister-rajnath-singh-strongly-rebuked-the-country-over-the-issue-of-terrorism-find-out-what-he-said-2026-10-20-1249989