नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर खूनी खेल
पंजाब में नशा माफियाओं का खौफ फिर से सामने आया है। मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या की गूंज अभी थमी भी नहीं थी कि श्रीहरगोबिंदपुर के माड़ी पन्नवां गांव से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नशा तस्करी और इसे खुलेआम बेचने के खिलाफ आवाज उठाना तीन लोगों को इतना भारी पड़ा कि उन पर तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस बर्बर हमले में 40 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह की दुखद मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में डर का माहौल पैदा कर दिया है।
महिलाओं का जीना हुआ दुश्वार
अस्पताल में उपचाराधीन गुरमुख सिंह ने आपबीती सुनाते हुए बताया कि आरोपी युवक आए दिन उनकी गली में जमे रहते थे। उनके वहां होने से गांव की बेटियों और बहनों का घर से बाहर निकलना और उस रास्ते से गुजरना तक मुश्किल हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि ये युवक सरेआम नशा बेचने का काम करते हैं। जब बुधवार को उन्होंने इन युवकों को गली में नशा न बेचने की हिदायत दी, तो वे आग बबूला हो गए। देखते ही देखते उन्होंने बिक्रमजीत सिंह, निशान सिंह और गुरमुख सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में तीनों लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े।
10 से 15 लोगों ने घेरा
गांव के सरपंच सुरिंदरपाल सिंह बाजवा ने इस पूरी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि निशान सिंह, गुरमुख सिंह और बिक्रमजीत सिंह गांव को नशा मुक्त बनाने के इरादे से वहां गए थे। सरपंच के मुताबिक, वहां घात लगाकर बैठे 10 से 15 हमलावरों ने तीनों पर बेरहमी से प्रहार किए। ग्रामीणों की मदद से घायलों को तुरंत सीएससी भाम में उपचार के लिए ले जाया गया, ताकि उनकी जान बचाई जा सके।
इलाज के दौरान एक की मौत
सीएससी भाम के डॉक्टर अभिषेक ने घायलों की जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल में 35 वर्षीय निशान सिंह, 35 वर्षीय गुरमुख सिंह और 40 वर्षीय बिक्रमजीत सिंह को गंभीर अवस्था में लाया गया था। डॉक्टर के अनुसार, अस्पताल में इलाज के दौरान बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई। वहीं, निशान सिंह और गुरमुख सिंह की नाजुक हालत को देखते हुए उनका उपचार लगातार जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही श्रीहरगोबिंदपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। एसएचओ सुखजिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया है और कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना के असली कारणों और हमलावरों की पहचान की जा सके। एसएचओ ने यह भी स्पष्ट किया कि पीड़ित पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गहनता से छानबीन की जा रही है ताकि जल्द ही दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।
https://www.indiatv.in/punjab/another-murder-in-punjab-over-opposition-to-drug-abuse-two-are-in-critical-condition-2026-10-16-1249156