शादी को लेकर ओवैसी का नया बयान
एआईएमआईएम (AIMIM) के मुखिया और लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह युवाओं को रिश्तों और शादी को लेकर खास सलाह देते नजर आ रहे हैं। ओवैसी ने कहा कि युवाओं को जिसे पसंद करते हैं, उसी से शादी करनी चाहिए और उसके बाद ही उन्हें आई लव यू कहना चाहिए। ओवैसी ने आगे कहा कि हम अपने हर भाषण में लोगों को अपनी जीवन संगिनी से आई लव यू कहने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। उनके अनुसार, शादी के बंधन में बंधना ईमान को मुकम्मल करने जैसा है।
युवाओं को 'सेट होने' के बहाने पर जवाब
सभा को संबोधित करते हुए ओवैसी ने महाराष्ट्र के एआईएमआईएम नेता इम्तियाज जलील के बेटे का किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि जलील के बेटे ने यह कहकर शादी करने से इनकार कर दिया था कि उसे अभी अपने जीवन में सेट होना है। इस पर चुटकी लेते हुए ओवैसी ने कहा कि उनकी अपनी दाढ़ी सफेद हो चुकी है, लेकिन वह भी अब तक सेट नहीं हुए हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि आप सेट होने का इंतजार मत करें, बस शादी कर लें, उसके बाद सब अपने आप ठीक और सेट हो जाएगा। ओवैसी के इस मजाकिया लहजे पर वहां मौजूद दर्शक ठहाके लगाने लगे।
बिना नाम लिए तंज
अपने संबोधन के समापन पर ओवैसी ने एक और कटाक्ष किया। उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा कि जिनके घरों में कोई नहीं होता, वे ही सबको परेशान करने का काम करते हैं। इस बयान के दौरान उन्होंने श्रोताओं से इशारों में पूछा कि क्या वे समझ रहे हैं कि वह किसकी बात कर रहे हैं। इस बात पर भी वहां मौजूद भीड़ मुस्कुराती हुई नजर आई। ओवैसी का यह भाषण अब सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से साझा किया जा रहा है।
https://www.indiatv.in/india/politics/marry-the-person-you-like-then-say-i-love-you-owaisi-gives-unusual-advice-to-young-people-2026-10-14-1248669