जयपुर: टोंक रोड पर स्थित लग्जरी वॉच शोरूम में बड़ी चोरी, 5 करोड़ रुपये से अधिक की घड़ियां ले उड़े चोर

जयपुर के टोंक रोड इलाके में एक प्रमुख घड़ी शोरूम में हुई चोरी की बड़ी वारदात से हड़कंप मच गया है, जहाँ चोर करोड़ों रुपये की कीमती घड़ियां ले गए।

टोंक रोड पर करोड़ों की सेंधमारी

राजधानी जयपुर में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। टोंक रोड पर स्थित द वॉच फैक्ट्री शोरूम को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। इस शोरूम में मुख्य रूप से राडो ब्रांड की घड़ियां बेची जाती हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि चोरों ने शोरूम के अंदर से 4 से 5 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की लग्जरी घड़ियां पार कर दी हैं।

पुलिस की सघन जांच जारी

चोरी की सूचना मिलते ही शोरूम प्रबंधन में अफरातफरी मच गई और तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई। मौके पर विशेष पुलिस आयुक्त ओमप्रकाश, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन समेत कई आला अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। घटना की संवेदनशीलता को समझते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को भी मौके पर बुला लिया है।

साक्ष्य जुटाने में जुटी टीमें

फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट लिए और वहां की फोटोग्राफी की है ताकि चोरों का सुराग मिल सके। पुलिस की टीमें शोरूम के साथ ही आसपास के इलाकों में लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान करने और उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं।

https://hindi.news18.com/news/crime/jaipur-tonk-road-rado-watch-showroom-the-watch-factory-4-to-5-crore-watches-stolen-fsl-team-police-investigation-10877117.html