शेयर बाजार में हाहाकार: सेंसेक्स 1124 अंक टूटा, निवेशकों के 8 लाख करोड़ रुपये स्वाहा

सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जहां वैश्विक तनाव और आर्थिक दबाव के कारण निवेशकों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। सेंसेक्स और निफ्टी में 1.5 फीसदी से अधिक की गिरावट आई है।

बाजार में जोरदार बिकवाली का माहौल

सप्ताह के पहले दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार भारी दबाव में नजर आया। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण वैश्विक स्तर पर पैदा हुई अनिश्चितता का सीधा असर निवेशकों के सेंटीमेंट पर दिखा। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और बॉन्ड यील्ड में हुई उछाल ने बाजार में घबराहट पैदा कर दी है। इस भारी बिकवाली के कारण बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी BSE पर सूचीबद्ध कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण करीब 8 लाख करोड़ रुपये घटकर 474 लाख करोड़ रुपये के स्तर पर आ गया है।

सेंसेक्स और निफ्टी की बड़ी गिरावट

बाजार में बिकवाली का आलम यह था कि कारोबार की समाप्ति पर सेंसेक्स 1,124.02 अंक यानी 1.52% की बड़ी गिरावट के साथ 72,771.72 के स्तर पर बंद हुआ। दूसरी ओर, निफ्टी 50 इंडेक्स 360.25 अंक यानी 1.56% फिसलकर 22,780.25 के स्तर तक आ गया। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज यानी NSE पर बिकवाली का व्यापक असर देखने को मिला, जहां कुल 2,716 शेयर लाल निशान में बंद हुए, जबकि महज 869 शेयरों में तेजी दर्ज की गई। वहीं, 91 शेयरों के भाव में कोई बदलाव नहीं देखा गया।

दिग्गज शेयरों का हाल

सेंसेक्स की 30 प्रमुख कंपनियों में से 29 शेयर नुकसान के साथ बंद हुए। इनमें L&T और पावर ग्रिड में करीब 3% की गिरावट रही। साथ ही अदाणी पोर्ट्स, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, रिलायंस इंडस्ट्रीज और एसबीआई जैसे दिग्गज शेयरों में 2% से अधिक की कमजोरी दर्ज की गई। केवल इन्फोसिस ही एकमात्र ऐसा शेयर रहा जो मामूली बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहा। निफ्टी की बात करें तो जियो फाइनेंशियल, टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, अदानी एंटरप्राइजेज और अदानी पोर्ट्स सबसे ज्यादा टूटने वाले शेयरों में शामिल थे, जबकि Dr Reddy's Labs और इन्फोसिस ने बढ़त दिखाई।

सेक्टरों में चौतरफा मंदी

बाजार की यह गिरावट किसी एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रही। निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स में 3% से अधिक की भारी गिरावट दर्ज की गई, जबकि टेलीकॉम क्षेत्र में करीब 2% की कमजोरी रही। इसके अतिरिक्त ऑटो, फाइनेंशियल सर्विसेज, एफएमसीजी, मेटल, प्राइवेट बैंक और रियल्टी जैसे सभी अहम सेक्टरों में 1% से 2% की गिरावट देखी गई। मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स भी करीब 2% नीचे फिसले।

गिरावट की वजहें और डर का माहौल

बाजार में इस कोहराम के पीछे मुख्य कारण ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ता तनाव है, जिसने कच्चे तेल की कीमतों को बढ़ा दिया है। इससे कंपनियों की परिचालन लागत और महंगाई बढ़ने की चिंता गहरा गई है। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़ोतरी ने भी निवेशकों का मूड बिगाड़ा है। इसके अलावा बाजार का डर मापने वाला इंडेक्स इंडिया VIX करीब 12% उछलकर 14 के स्तर पर पहुंच गया, जो निवेशकों के बीच फैली भारी अनिश्चितता को दर्शाता है।

https://www.indiatv.in/paisa/market/stock-market-closes-with-a-sharp-fall-sensex-plunges-1124-points-and-nifty-drops-360-points-investors-lose-rs-8-lakh-crore-in-a-single-day-2026-09-28-1245818