नवविवाहिता ने 6 साल बाद पड़ोसी पैथोलॉजिस्ट पर दर्ज कराया दुष्कर्म का केस, शादी के बाद पति को बताई पूरी सच्चाई

वाराणसी में एक नवविवाहित महिला ने 2019 में हुए दुष्कर्म को लेकर अपने पड़ोसी पैथोलॉजिस्ट के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। शादी के बाद पति को आपबीती सुनाने पर उसने न्याय की लड़ाई लड़ने का फैसला किया।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां हाल ही में विवाह करने वाली एक महिला ने 6 साल पहले हुए दुष्कर्म को लेकर अपने पड़ोसी पैथोलॉजिस्ट के खिलाफ केस दर्ज कराया है। महिला ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद से आरोपी लगातार उसे ब्लैकमेल करता और धमकाता रहा।

2019 की घटना, उस समय 10वीं की छात्रा थी पीड़िता

पुलिस के अनुसार, महिला की शादी इसी साल अप्रैल में हुई और उसने अपने पति के प्रोत्साहन के बाद ही यह कदम उठाया। यह घटना 2019 की है, जब वह कक्षा 10 की छात्रा थी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता घटना वाले दिन कोचिंग गई थी, लेकिन उस समय तक कोचिंग का गेट नहीं खुला था।

डरा-धमकाकर किया गया दुष्कर्म

दर्ज रिपोर्ट के हवाले से पुलिस ने बताया कि लड़की जब गेट खुलने का इंतजार कर रही थी, तभी उसके पड़ोस में रहने वाला दशरथ पटेल उसे बहला-फुसलाकर अपने पैथोलॉजी सेंटर ले गया और वहां डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।

साल 2025 तक जारी रहा सिलसिला

सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता का यह भी आरोप है कि इसके बाद पटेल डरा-धमका कर साल 2025 तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। पुलिस ने बताया कि इसी साल अप्रैल में पीड़िता की शादी हुई, जिसके बाद उसने अपने पति को पूरी आपबीती सुनाई। सूत्रों के अनुसार, पति ने न्याय की लड़ाई लड़ने का निर्णय लिया और पुलिस के उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई।

कई धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा

मिर्जामुराद थाना प्रभारी गोपाल जी कुशवाहा ने इस मामले पर बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी दशरथ पटेल (60) के खिलाफ शनिवार को भारतीय न्याय संहिता और यौन अपराध से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/varanasi-woman-files-rape-case-against-neighbor-after-6-years-shared-her-ordeal-with-husband-2026-06-07-1223544