बिहार में दारोगा भर्ती परीक्षा रद्द, 27 मई को दो पालियों में हुई थी लिखित परीक्षा

बिहार पुलिस में दारोगा के पदों के लिए आयोजित मुख्य लिखित परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। छात्र लंबे समय से इसमें धांधली की शिकायत कर रहे थे।

बिहार दारोगा भर्ती परीक्षा को लेकर बड़ा फैसला

बिहार से एक बड़ी खबर सामने आ रही है जहाँ दारोगा भर्ती की लिखित परीक्षा को आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया है। यह परीक्षा बीते 27 मई को कुल 2 पालियों में आयोजित की गई थी। इस फैसले के बाद उन हजारों अभ्यर्थियों के लिए एक नया मोड़ आ गया है जो लंबे समय से इस प्रक्रिया को लेकर सवाल उठा रहे थे।

छात्रों की मांगें और शिकायतों का असर

प्रदेश के छात्र काफी समय से इस परीक्षा को लेकर मुखर थे। परीक्षा के दौरान धांधली और गड़बड़ी होने की शिकायतें लगातार सामने आ रही थी, जिसके बाद से ही छात्र लगातार परीक्षा को रद्द करने की मांग कर रहे थे। छात्रों के इसी दबाव और विरोध के बाद आखिरकार आयोग ने इस परीक्षा को रद्द करने का बड़ा कदम उठाया है।

आयोग ने सूचना में दी ये जानकारी

बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, 27 मई 2026 को दो पालियों में संपन्न हुई मुख्य लिखित परीक्षा को अपरिहार्य कारणों से तत्काल प्रभाव से रद्द किया गया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की नई तिथियों के बारे में अभ्यर्थियों को भविष्य में अलग से सूचित किया जाएगा। आयोग ने सभी उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें। इसके अलावा, असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलाई जा रही भ्रामक सूचनाओं से बचने और दलालों के चंगुल से सावधान रहने की हिदायत भी दी गई है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने के लिए कहा गया है।

https://www.indiatv.in/bihar/major-news-from-bihar-the-written-examination-for-sub-inspector-recruitment-has-been-cancelled-it-was-held-in-two-shifts-on-may-27-2026-09-23-1244901