भारत में 50 रुपये किलो मिलने वाली भिंडी अमेरिका में 7250 रुपये किलो, कीमत जानकर भारतीय हैरान

अमेरिका में रहने वाले एक भारतीय कंटेंट क्रिएटर ने सुपरमार्केट में बिक रहे फ्राइड भिंडी स्नैक की कीमत बताकर सबको चौंका दिया, जहां 85 ग्राम का पैकेट करीब 600 रुपये में मिल रहा है।

भारत में जिस भिंडी को लोग रोजमर्रा की मामूली सब्जी मानकर खरीदते हैं, वही अमेरिका पहुंचते ही एक 'प्रीमियम स्नैक' में तब्दील हो गई है। वहां इसकी कीमत इतनी ज्यादा है कि सुनकर किसी के भी होश उड़ सकते हैं। अमेरिका में रह रहे भारतीय कंटेंट क्रिएटर आशीष आहूजा का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए इस वीडियो में वह एक सुपरमार्केट के स्नैक सेक्शन में घूमते नजर आते हैं, तभी उनकी निगाह फ्राइड भिंडी के एक पैकेट पर पड़ती है। भिंडी देखकर जितनी हैरानी उन्हें नहीं हुई, उससे कहीं ज्यादा झटका उसकी कीमत ने दिया।

अमेरिका में फ्राइड भिंडी की कीमत कितनी है?

आशीष ने वीडियो में बताया कि महज 85 ग्राम वाले इस पैकेट की कीमत 6.50 डॉलर यानी करीब 600 रुपये है। इसके बाद उन्होंने हिसाब लगाकर समझाया कि अगर इसी दर से कीमत निकाली जाए, तो एक किलो फ्राइड भिंडी स्नैक की कीमत करीब 7,250 रुपये बैठती है।

उन्होंने स्टोर में मौजूद बाकी स्नैक्स से भी इसकी तुलना की। आशीष के मुताबिक, बड़े पैकेट वाले लेज़ चिप्स करीब 2.50 डॉलर में बिक रहे थे, जबकि अधिकतर स्नैक्स की कीमत 2 से 4 डॉलर के बीच थी। यानी भिंडी से बना यह स्नैक कई नामी चिप्स ब्रांड से भी महंगा निकला।

'भिंडी को खुद भी नहीं पता होगा'

वीडियो में आशीष ने मजाकिया लहजे में कहा कि भारत में लोग भिंडी को एक आम सब्जी मानते हुए बड़े होते हैं, लेकिन अमेरिका में यह प्रीमियम स्नैक बन चुकी है। हंसते हुए उन्होंने कहा कि भिंडी को शायद खुद भी अंदाजा नहीं होगा कि वह इतना महंगा रूप धारण कर सकती है।

ऊंची कीमत की वजह क्या है?

आशीष का मानना है कि अमेरिका में भिंडी की सीमित उपलब्धता इसकी ऊंची कीमत के पीछे एक बड़ी वजह हो सकती है। भारत में जहां भिंडी आसानी से और कम दाम पर उपलब्ध है, वहीं अमेरिका में इसकी खेती और खपत दोनों ही सीमित हैं। ऐसे में इससे तैयार होने वाले स्पेशलिटी प्रोडक्ट्स की कीमत बढ़ जाती है।

सोशल मीडिया पर मजेदार प्रतिक्रियाएं

वीडियो वायरल होते ही भारतीय यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में मजेदार प्रतिक्रियाओं की झड़ी लगा दी। एक यूजर ने लिखा, '50 रुपये किलो है यहां, बोलो तो एक कट्टा भिजवा दूं।' दूसरे ने चुटकी ली, 'हमारे यहां तो ग्राहक को रेट सुनकर ही बुखार आ जाएगा।'

एक अन्य यूजर ने लिखा, 'यहां तो हम भर-भरकर भिंडी की सब्जी बनाते हैं और जो बच जाए वह घर में काम करने वाले ले जाते हैं।' हालांकि कुछ लोगों को यह कीमत बहुत ज्यादा नहीं लगी। एक यूजर ने कहा, 'अमेरिका में लोगों की कमाई ज्यादा है और यह हेल्दी स्नैक है, इसलिए वहां यह महंगा नहीं माना जाएगा।' वहीं एक यूजर ने इसमें कारोबार की संभावना देखते हुए लिखा, 'भाई, अब तो इंपोर्ट-एक्सपोर्ट का काम शुरू कर देना चाहिए।'

https://hindi.news18.com/world/america-fried-bhindi-price-in-america-ashish-ahuja-viral-video-expensive-okra-snack-usa-indian-reaction-10547217.html