पुलिस और बदमाशों के बीच हुई भीषण मुठभेड़
अमृतसर में एएसआई हरजीत सिंह की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अधिकारियों ने जानकारी दी है कि शनिवार देर रात पुलिस के साथ हुई एक मुठभेड़ में हत्या में शामिल मुख्य आरोपी मारा गया है। मारे गए व्यक्ति की पहचान अमृतसर के मुलेचक गांव निवासी दीपक सिंह के रूप में की गई है। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात भगतानवाला अनाज मंडी में जो दो मोटरसाइकिल सवार आए थे, उनमें से एक दीपक सिंह ही था, जिसने एएसआई हरजीत सिंह पर गोलियां बरसाई थीं।
तकनीकी और खुफिया इनपुट का मिला लाभ
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों तक पहुंचने के लिए व्यापक स्तर पर जांच की गई थी। इसके लिए सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से अध्ययन करने के साथ ही तकनीकी इनपुट, टावर डंप विश्लेषण, स्थानीय खुफिया जानकारी और मानव स्रोतों का प्रभावी इस्तेमाल किया गया। इन्ही साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान सुनिश्चित की थी।
कैसे हुई मुठभेड़
मुठभेड़ का विवरण देते हुए पुलिस ने बताया कि शनिवार रात करीब 9.45 बजे एक पुलिस चौकी पर स्कूटर सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। रुकने के बजाय एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और दूसरी चौकी की तरफ भागने लगा। अगली चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों पर भी उन्होंने करीब चार राउंड गोलियां चलाईं, जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए मोर्चा संभाला।
हथियारों का जखीरा बरामद
इस्लामाबाद पुलिस थाना क्षेत्र में हुई इस जवाबी गोलीबारी में दीपक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। हालांकि, दूसरा संदिग्ध मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस ने मौके से एक पिस्तौल, दो मैगजीन और आठ कारतूस बरामद किए हैं। इस मामले में पुलिस पाकिस्तानी कनेक्शन की भी गहराई से जांच कर रही है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा है।
https://www.indiatv.in/punjab/one-accused-killed-in-police-encounter-in-asi-harjeet-singh-murder-case-2026-09-20-1244219