नेपाल सीमा पर बदला नियम, लागू हुई नई डिजिटल भंसार प्रणाली; अब मिनटों में निपटेगी कस्टम प्रक्रिया

नेपाल सरकार ने सीमा पर आधुनिक डिजिटल भंसार व्यवस्था शुरू की है, जिससे भारतीय और विदेशी पर्यटकों को अब लंबी कतारों और कागजी झंझट से नहीं गुजरना पड़ेगा। यात्री मोबाइल से स्कैनर स्कैन कर ऑनलाइन फॉर्म भरकर कुछ ही मिनटों में प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।

नेपाल जाने वाले भारतीय और अन्य विदेशी पर्यटकों के लिए अब सीमा पार करना पहले की तुलना में कहीं अधिक आसान हो गया है। नेपाल सरकार ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीमा पर आधुनिक डिजिटल भंसार (कस्टम) प्रणाली लागू कर दी है। इस नई व्यवस्था के चलते अब किसी भी यात्री को लंबी कतारों में खड़े रहने या कागजी औपचारिकताओं के झंझट से नहीं जूझना पड़ेगा।

मोबाइल से स्कैन कर भरा जाएगा ऑनलाइन फॉर्म

जलेश्वर भंसार कार्यालय के प्रमुख राजेंद्र बैसनेत ने जानकारी देते हुए बताया कि पर्यटकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह डिजिटल प्रणाली शुरू की गई है। अब यात्री केवल अपने मोबाइल फोन से स्कैनर को स्कैन कर ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं और महज कुछ ही मिनटों में भंसार की समूची प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।

सीमा क्षेत्र में लगाए गए जागरूकता पोस्टर

इस व्यवस्था को व्यापक रूप से प्रचारित करने के लिए सीमा क्षेत्र, जलेश्वर भंसार कार्यालय और भारत स्थित भिट्ठामोर कस्टम कार्यालय में स्कैनर वाले पोस्टर लगाए गए हैं। इसका मकसद यात्रियों को पहले से ही नई प्रणाली की पूरी जानकारी देना है, ताकि सीमा पर पहुंचने के बाद उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े।

समय की बचत और भीड़ में कमी

नई व्यवस्था की सबसे बड़ी खूबी यह है कि यात्री अपने घर बैठे या यात्रा के दौरान ही ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इससे सीमा पर पहुंचने के बाद काफी समय बचेगा और भीड़ भी कम होगी। पहले यात्रियों का कागजी औपचारिकताओं में काफी समय खर्च हो जाता था, मगर अब पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से ही निपट सकेगी।

मुद्रा विनिमय की समस्या से भी राहत

नेपाल आने वाले पर्यटकों को अक्सर भंसार शुल्क जमा करते समय भारतीय और नेपाली मुद्रा के विनिमय को लेकर परेशानी झेलनी पड़ती थी। नई डिजिटल व्यवस्था लागू होने के बाद डिजिटल भुगतान के जरिए इस समस्या का भी काफी हद तक समाधान हो जाएगा। इससे यात्रियों को करेंसी बदलवाने में लगने वाले अतिरिक्त समय और परेशानी से छुटकारा मिलेगा।

परेशानी होने पर कर्मचारी करेंगे मदद

राजेंद्र बैसनेत ने बताया कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी पर्यटक को अनावश्यक परेशानी न हो। यदि किसी यात्री को मोबाइल से स्कैन करने या ऑनलाइन फॉर्म भरने में दिक्कत आती है, तो भंसार कार्यालय के कर्मचारी उसकी मदद करेंगे और फॉर्म भरवाने में सहयोग देंगे।

शुरुआती दिनों में खुद निगरानी कर रहे भंसार चीफ

नई व्यवस्था के शुरुआती दिनों में लोगों को तकनीकी जानकारी देने के लिए भंसार चीफ खुद कार्यालय में मौजूद रहकर निगरानी कर रहे हैं। वे पर्यटकों को डिजिटल प्रक्रिया समझा रहे हैं और कर्मचारियों को भी सहायता के लिए सक्रिय रहने के निर्देश दे रहे हैं। प्रशासन को उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में लोग इस नई प्रणाली से पूरी तरह परिचित हो जाएंगे, जिसके बाद नेपाल आने-जाने वाले पर्यटकों के लिए भंसार की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज, सरल और सुविधाजनक हो जाएगी।

https://hindi.news18.com/news/bihar/sitamarhi-nepal-cross-border-rules-changed-launches-new-digital-system-bhansar-will-take-minutes-local18-10546113.html