त्योहारों और शादियों के सीजन में महंगाई बढ़ने की आशंका, वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट ने दी चेतावनी

वित्त मंत्रालय की नवंबर की मासिक आर्थिक समीक्षा में कहा गया है कि मांग बढ़ने से खुदरा महंगाई दर पर दबाव आ सकता है। हालांकि भारतीय अर्थव्यवस्था बाहरी चुनौतियों से निपटने के लिए मजबूत बनी हुई है।

त्योहारों और शादियों के सीजन में महंगाई बढ़ने का अनुमान

आने वाले समय में देश में महंगाई का स्तर बढ़ सकता है। वित्त मंत्रालय ने अपनी ताजा मासिक आर्थिक समीक्षा रिपोर्ट में यह आशंका जताई है कि शादियों के सीजन और आगामी त्योहारों के दौरान खाद्य एवं गैर-खाद्य उत्पादों की मांग में जबरदस्त इजाफा होने वाला है। इस मांग के बढ़ने से खुदरा महंगाई पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। मंत्रालय के अनुसार, चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दिसंबर तिमाही में घरेलू स्तर पर आर्थिक गतिविधियां पूरी रफ्तार के साथ चलती रहेंगी। इस बात का संकेत टैक्स कलेक्शन, माल ढुलाई, ऊर्जा की खपत और वस्तुओं के परिवहन जैसे उच्च आवृत्ति वाले आंकड़ों से मिल रहा है।

भू-राजनीतिक तनाव और वैश्विक व्यापार की चुनौतियां

रिपोर्ट में इस बात पर जोर दिया गया है कि भारतीय अर्थव्यवस्था के सामने वर्तमान में कुछ वैश्विक चुनौतियां बरकरार हैं। विशेष रूप से पश्चिम एशिया में चल रहा संघर्ष औरस्ट्रेट ऑफ होर्मुज के रास्ते जहाजों की आवाजाही में पैदा हुआ जोखिम वैश्विक व्यापार नीतियों के लिए अनिश्चितता का बड़ा कारण बना हुआ है। हालांकि, मंत्रालय का यह भी मानना है कि भारत के व्यापक आर्थिक आधार इतने मजबूत हैं कि देश इन बाधाओं का सामना करने में सक्षम है। सरकार की ओर से पर्याप्त सुरक्षा उपाय किए गए हैं, जो भारतीय अर्थव्यवस्था को बाहरी झटकों से बचाने में मदद करेंगे।

तेल की कीमतों और माल भाड़े का असर

वित्त मंत्रालय ने अपनी रिपोर्ट में उल्लेख किया है कि पश्चिम एशिया के तनाव के कारणकच्चे तेल के आयात बिल और समुद्री माल भाड़े में उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रह सकती है। यदि आपूर्ति श्रृंखला में कोई बड़ा झटका लगता है, तो इसका सीधा असर थोक और खुदरा कीमतों पर दिख सकता है। एक सकारात्मक पक्ष यह है कि नवंबर की शुरुआत में वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल से नीचे रही हैं। इसके अलावा, विदेशी पूंजी प्रवाह के चलते रुपये में आई मजबूती भी आयातित महंगाई के दबाव को कम करने में मददगार साबित हो सकती है, बशर्ते ये रुझान आगे भी इसी तरह बने रहें।

महंगाई दर और विदेशी मुद्रा भंडार की स्थिति

बता दें कि अक्टूबर महीने में खुदरा महंगाई दर ने 2 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया था और यह रिजर्व बैंक की तय सीमा 6 प्रतिशत के पार चली गई थी। खाद्य पदार्थों की कीमतों में भारी उछाल और प्रतिकूल आधार प्रभाव के कारण अक्टूबर में यह दर6.09 प्रतिशत दर्ज की गई थी। रिपोर्ट का कहना है कि आधार प्रभाव का असर नवंबर के आंकड़ों में भी दिखाई दे सकता है। साथ ही, मौसम संबंधी अनिश्चितताएं और विशेष रूप से मजबूतअल नीनो की संभावना निकट भविष्य में महंगाई पर और दबाव बना सकती है। राहत की बात यह है कि 13 नवंबर, 2026 तक देश का विदेशी मुद्रा भंडार705.3 अरब डॉलर के उच्च स्तर पर पहुंच गया है, जो लगभग 10 महीने के आयात खर्च को कवर करने के लिए पर्याप्त है।

https://www.indiatv.in/paisa/business/increased-demand-during-weddings-and-festivals-could-drive-up-inflation-potentially-impacting-both-wholesale-and-retail-prices-mer-report-2026-11-28-1256960