धार्मिक स्थलों की यात्रा में रुचि रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए IRCTC एक खास पैकेज लेकर आया है। भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन के जरिए श्रद्धालु एक ही सफर में तीन प्रमुख धाम और 11 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर सकेंगे। यात्रियों को सिर्फ अपनी सीट आरक्षित करानी होगी, इसके बाद रेल यात्रा, भोजन, ठहरने और स्थानीय आवागमन का पूरा प्रबंध IRCTC की ओर से किया जाएगा।
यह विशेष 'देव दर्शन यात्रा: 3 धाम और 11 ज्योतिर्लिंग' 3 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से रवाना होगी। 17 रात और 18 दिन की इस आध्यात्मिक यात्रा में करीब 10,000 किलोमीटर का सफर तय किया जाएगा।
किन-किन स्थानों के होंगे दर्शन
इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु पूर्व में जगन्नाथ पुरी, दक्षिण में रामेश्वरम और पश्चिम में द्वारकाधीश धाम के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही काशी विश्वनाथ, बैद्यनाथ धाम, मल्लिकार्जुन, भीमाशंकर, घृष्णेश्वर, त्र्यंबकेश्वर, नागेश्वर, सोमनाथ, महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर सहित कुल 11 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन का अवसर मिलेगा।
कहां-कहां से चढ़ सकेंगे यात्री
दिल्ली सफदरजंग के अलावा गाजियाबाद, अलीगढ़, टूंडला, इटावा, कानपुर और प्रयागराज स्टेशन से भी यात्रियों को बोर्डिंग की सुविधा मिलेगी। सफर के दौरान वाराणसी, देवघर, पुरी, रामेश्वरम, पुणे, नासिक, द्वारका, सोमनाथ और उज्जैन जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।
सिर्फ 150 यात्री करेंगे सफर
भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन में कुल 150 यात्रियों के लिए प्रथम एसी, द्वितीय एसी और तृतीय एसी श्रेणियों की व्यवस्था रहेगी। ट्रेन में आधुनिक सुविधाओं से लैस रेस्तरां, सुसज्जित रसोई, शॉवर क्यूबिकल, सेंसर आधारित वॉशरूम, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा गार्ड जैसी सुविधाएं मौजूद रहेंगी।
तीन सितारा होटल में ठहरने का इंतजाम
IRCTC के अनुसार इस पैकेज में ट्रेन यात्रा, तीन सितारा होटलों में ठहरने की व्यवस्था, शुद्ध शाकाहारी भोजन, एसी वाहनों से स्थानीय भ्रमण, यात्रा बीमा और टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल हैं।
यह रहेगा किराया
इस विशेष यात्रा के लिए किराया एसी प्रथम श्रेणी हेतु 1,98,010 रुपये, एसी द्वितीय श्रेणी हेतु 1,81,995 रुपये और एसी तृतीय श्रेणी हेतु 1,49,965 रुपये तय किया गया है। सीमित सीटों वाली इस यात्रा के लिए इच्छुक यात्री IRCTC के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं।
https://hindi.news18.com/news/business/railways-indian-railway-irctc-bharat-gaurav-train-3-dham-11-jyotirlinga-darshan-package-know-here-10545136.html