विधान परिषद चुनाव के लिए उम्मीदवार बनने के बाद पवन सिंह ने सीएम सम्राट चौधरी और संजय सरावगी से की भेंट

भाजपा ने बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए भोजपुरी कलाकार पवन सिंह को प्रत्याशी बनाया है, जिसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से मुलाकात की। मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं।

पटना: आगामी बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए भाजपा ने शुक्रवार को अपने चार उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया। इस सूची में भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को भी पार्टी ने विधान परिषद चुनाव का प्रत्याशी बनाया है। टिकट मिलने के बाद अभिनेता पवन सिंह ने शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी से भेंट की। पवन सिंह और संजय मयूख के साथ-साथ भाजपा ने अनिल ठाकुर और शीला पंडित को भी अपना उम्मीदवार घोषित किया है।

सम्राट चौधरी से मिले पवन सिंह और संजय मयूख

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इस मुलाकात की जानकारी सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट के माध्यम से साझा की। उन्होंने पवन सिंह और संजय मयूख के साथ हुई भेंट की तस्वीरें भी एक्स पर पोस्ट कीं। अपनी पोस्ट के कैप्शन में सम्राट चौधरी ने लिखा, "बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव-2026 के लिए भाजपा (एनडीए) की ओर से घोषित प्रत्याशी संजय मयूख एवं पवन सिंह ने लोकसेवक आवास में मुलाकात की। इस अवसर पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए विजय की कामना की।" मुख्यमंत्री की इस पोस्ट के जवाब में अभिनेता पवन सिंह ने लिखा, "आपको दिल से धन्यवाद एवं सादर प्रणाम।"

संजय सरावगी से भी की मुलाकात

इसके साथ ही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी एक्स पर एक पोस्ट में पवन सिंह से अपनी भेंट की तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरें पोस्ट करते हुए संजय सरावगी ने एक्स के कैप्शन में लिखा, "आज पटना स्थित प्रदेश कार्यालय में बिहार विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव 2026 के भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार पवन सिंह से शिष्टाचार भेंट हुई। इस अवसर पर उन्हें आगामी चुनाव में शानदार सफलता हेतु अपनी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं। उनके उज्ज्वल एवं यशस्वी भविष्य के लिए मेरी मंगलकामनाएं।"

'पार्टी मेरे लिए मां के समान'

उल्लेखनीय है कि भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह ने साल 2024 के लोकसभा चुनावों में काराकट सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में किस्मत आजमाई थी। इस दौरान उन्होंने बिहार भाजपा के महासचिव (संगठन) भीखुभाई दलसानिया से भी मुलाकात की। राज्य भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए पवन सिंह ने कहा, "पार्टी मेरे लिए मां के समान है। मैं भाजपा का एक विनम्र कार्यकर्ता हूं और पार्टी मुझे जो भी जिम्मेदारियां और निर्देश सौंपेगी, मैं उनका पालन करूंगा। मुझे यह अवसर देने के लिए मैं पार्टी के केंद्रीय और राज्य नेतृत्व का आभारी हूं।"

https://www.indiatv.in/bihar/bjp-mlc-candidate-pawan-singh-meets-bihar-cm-samrat-choudhary-and-sanjay-saraogi-2026-06-06-1223412