अशोक विहार में सनसनीखेज वारदात
राजधानी दिल्ली में कानून व्यवस्था पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में अशोक विहार इलाके के ई-ब्लॉक फेज-1 में अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक घर में घुसकर 75 लाख रुपये की भारी नकदी लूट ली। यह घटना बुधवार की है, जिसने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 बदमाश जबरन घर के भीतर दाखिल हुए। घर में मौजूद महिला को उन्होंने धारदार चाकू का डर दिखाया और बंधक बना लिया। महिला के हाथ-पैर बांधने के बाद बदमाश अलमारी में रखे 75 लाख रुपये नकद लेकर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही अशोक विहार थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पीड़िता को मामूली चोटें आईं हैं, जिसके बाद पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए BNS की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। फिलहाल, हमलावरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की विभिन्न टीमें अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
न्यू उस्मानपुर में भी हो चुकी है डकैती
राष्ट्रीय राजधानी में अपराधों का सिलसिला थमता नहीं दिख रहा है। हाल ही में न्यू उस्मानपुर इलाके में भी दिनदहाड़े डकैती की एक बड़ी वारदात सामने आई थी। उस दौरान 7 से 8 बदमाशों ने एक घर में घुसकर वहां मौजूद लोगों को बंधक बना लिया था। उन अपराधियों ने घर से 9 लाख रुपये नकद और कई कीमती जेवरात लूटे थे।
यह घटना दोपहर के समय हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोपहर 3 बजे के आसपास बदमाश घर में घुसे और 3:22 बजे पुलिस को डकैती की सूचना मिली थी। इस मामले में भी पुलिस ने कई टीमें बनाकर सीसीटीवी फुटेज की जांच की थी। इससे पहले कापसहेड़ा इलाके में एक आभूषण व्यापारी को लूटने का प्रयास किया गया था। उस मामले में पुलिस ने 4 अपराधियों को पकड़ा था, जिनमें से एक आरोपी पर 1 लाख रुपये का इनाम भी घोषित था।
पुलिस की सक्रियता पर उठ रहे सवाल
दिल्ली में अपराधी लगातार बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। घरों में घुसकर लूटपाट की इन बढ़ती घटनाओं ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों से लगातार आ रही लूट की खबरों ने आम नागरिकों में डर का माहौल बना दिया है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अशोक विहार की इस बड़ी डकैती में दिल्ली पुलिस कितनी जल्दी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजती है।
https://www.indiatv.in/delhi/brazen-criminals-in-delhi-rs-75-lakh-looted-after-breaking-into-a-house-in-the-ashok-vihar-area-2026-08-19-1238281