ऑयल इंडिया को अंडमान में मिला प्राकृतिक गैस का दूसरा भंडार, समुद्र की गहराई में छिपा खजाना

सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड ने अंडमान अपतटीय क्षेत्र के विजयपुरम-3 कुएं में प्राकृतिक गैस का दूसरा भंडार खोज निकाला है। यह कुआं अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से करीब 15 किलोमीटर दूर 355 मीटर गहरे समुद्र में स्थित है।

सरकारी क्षेत्र की तेल कंपनी ऑयल इंडिया लिमिटेड (OIL) ने अंडमान के अपतटीय इलाके में प्राकृतिक गैस का दूसरा भंडार ढूंढ निकाला है। इस उपलब्धि से यह संभावना और मजबूत हो गई है कि आने वाले वर्षों में यह सीमांत बेसिन क्षेत्र देश के एक अहम हाइड्रोकार्बन उत्पादक इलाके के तौर पर सामने आ सकता है। केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने शुक्रवार को बताया कि यह नई खोज विजयपुरम-3 अन्वेषण कुएं में हुई है, जो अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से करीब 15 किलोमीटर की दूरी पर 355 मीटर गहरे समुद्री क्षेत्र में मौजूद है। यह इस इलाके में ऑयल इंडिया द्वारा खोदा गया दूसरा सफल गैस-युक्त कुआं है।

शेयर बाजार को दी गई खोज की जानकारी

महारत्न दर्जा प्राप्त इस सरकारी कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार के प्रमुख एक्सचेंजों बीएसई और एनएसई को सूचित किया कि 'ओपन एकरेज लाइसेंसिंग पॉलिसी' (OALP) के अंतर्गत 'ऑफशोर अंडमान ब्लॉक AN-OSHP-2018/1' में 'विजयपुरम-3' (लोकेशन OAEB) कुएं की ड्रिलिंग की गई। यह कुआं अंडमान द्वीप समूह के पूर्वी तट से लगभग 15 किलोमीटर दूर और 355 मीटर की पानी की गहराई पर स्थित है।

गैस की प्रकृति समझने के लिए हो रही सैंपलिंग

ऑयल इंडिया के अनुसार, Eocene फॉर्मेशन में 1,900 मीटर से अधिक गहराई पर स्थित इस कुएं की प्रारंभिक प्रोडक्शन टेस्टिंग के दौरान लगातार फ्लेयरिंग से प्राकृतिक गैस की मौजूदगी की पुष्टि हुई। परफोरेशन के बाद तुरंत प्रेशर बढ़ने लगा और कुएं से उत्पादन शुरू हो गया। कंपनी ने बताया कि गैस के कंपोजिशन और कैलोरीफिक वैल्यू का पता लगाने के साथ-साथ उसके बनने की प्रक्रिया को समझने के लिए आइसोटोप स्टडीज करने के मकसद से गैस की सैंपलिंग की जा रही है।

पिछले साल विजयपुरम-2 में हुई थी पहली खोज

कंपनी ने इस ताजा खोज को "मौजूदा संभावनाओं में हाइड्रोकार्बन के सोर्स, माइग्रेशन के रास्ते या जमाव की मौजूदगी का एक अहम संकेत" बताया है, जिससे इस क्षेत्र में भविष्य के एक्सप्लोरेशन प्रोग्राम की रणनीति तय करने में मदद मिलेगी। उल्लेखनीय है कि इससे पहले ऑयल इंडिया ने पिछले साल सितंबर में विजयपुरम-2 कुएं में प्राकृतिक गैस की खोज की थी। कंपनी के मुताबिक, अंडमान में चल रहे उसके खोज अभियान के तहत अब तक खोदे गए तीन अन्वेषण कुओं में से दो में हाइड्रोकार्बन की मौजूदगी की पुष्टि हो चुकी है।

https://www.indiatv.in/paisa/business/oil-india-discovers-second-natural-gas-reserve-treasure-found-beneath-the-sea-2026-06-06-1223334