भारत और अफगानिस्तान के बीच इकलौता टेस्ट मुकाबला न्यू चंडीगढ़ के मुल्लांपुर स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस अपने नाम किया और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। तेज शुरुआत के साथ टीम इंडिया का इरादा स्कोरबोर्ड पर बड़ा कुल योग खड़ा करने का रहेगा। भारत की कमान शुभमन गिल संभाल रहे हैं, जबकि अफगानिस्तान की टीम हश्मतुल्लाह शाहिदी की अगुवाई में मैदान पर है। इस मुकाबले में युवा खिलाड़ी मानव सुथार भारत के लिए अपने टेस्ट करियर की शुरुआत कर रहे हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग XI
भारत: केएल राहुल, यशस्वी जयसवाल, साई सुदर्शन, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, वाशिंगटन सुंदर, मानव सुथार, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
अफगानिस्तान: सेदिकुल्लाह अटल, रहमानुल्लाह गुरबाज, अब्दुल मलिक, रहमत शाह, हशमतुल्लाह शाहिदी (कप्तान), अफसर जजई (विकेटकीपर), अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, नांगेयालिया खारोटे, जियाउर रहमान शरीफी, मोहम्मद सलीम सफी।
WTC का हिस्सा नहीं है यह टेस्ट
यह मुकाबला वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं है, इसलिए शुभमन गिल की अगुवाई वाली टीम इंडिया इसे आगामी चुनौतियों की तैयारी के नजरिए से खेल रही है। भारत को WTC के तहत श्रीलंका का दौरा करना है, जहां की स्पिन के अनुकूल पिचों के मद्देनजर खिलाड़ी अभी से अभ्यास कर सकते हैं। इस टेस्ट स्क्वॉड में जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों को आराम दिया गया है।
टेस्ट में दूसरी बार आमने-सामने
भारत और अफगानिस्तान की टीमें इससे पहले टेस्ट प्रारूप में सिर्फ एक बार ही भिड़ी हैं। दोनों देशों के बीच पहला और इकलौता टेस्ट साल 2018 में बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला गया था, जिसमें भारतीय टीम ने महज दो दिनों के भीतर जीत दर्ज कर ली थी। उस मुकाबले के बाद से जून 2026 तक अफगानिस्तान कुल 11 और टेस्ट खेल चुका है। खास बात यह है कि 2018 के उस मैच में उतरे खिलाड़ियों में से मौजूदा भारतीय टीम में अब सिर्फ केएल राहुल ही बचे हैं। दूसरी ओर, अफगानिस्तान की वर्तमान टीम में कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी और अनुभवी बल्लेबाज रहमत शाह ऐसे नाम हैं, जिन्हें उस ऐतिहासिक मुकाबले में खेलने का अनुभव है।
https://www.indiatv.in/sports/cricket/ind-vs-afg-one-off-test-match-live-cricket-score-india-vs-afghaniastan-shubman-gill-hashmatullah-shahidi-2026-06-06-1223331