दादरी फायरिंग कांड में बड़ा अपडेट
हरियाणा के चरखी दादरी में सिटी पुलिस थाने के ठीक सामने हुई खौफनाक वारदात में एक नया और दुखद मोड़ आया है। बीते 6 अगस्त को हुए इस अंधाधुंध फायरिंग कांड में गंभीर रूप से घायल हुए हिसार निवासी कीर्तिमान ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया है। इस घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। कीर्तिमान की मौत की पुष्टि करते हुए डीएसपी साहिल ढिल्लो ने जानकारी दी कि अब पुलिस ने मामले में हत्या की संगीन धाराएं जोड़ दी हैं।
पुलिस ने जोड़ी हत्या की धारा
कीर्तिमान की दुखद मौत के बाद, पुलिस विभाग ने इस केस में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 (हत्या) को शामिल कर लिया है। आधिकारिक प्रेस वार्ता में डीएसपी साहिल ढिल्लो ने बताया कि मृतक कीर्तिमान का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और उसके खिलाफ कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज थे। कीर्तिमान के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए परिजनों को सौंप दिया गया है। फिलहाल, पुलिस प्रशासन ने इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की गति और तेज कर दी है।
क्या था पूरा घटनाक्रम
यह पूरी वारदात 6 अगस्त की है जब हिसार निवासी कीर्तिमान अपने छह अन्य साथियों के साथ एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर दादरी कोर्ट परिसर में पेशी के लिए आया था। जैसे ही वे लोग सिटी पुलिस थाने के पास पहुंचे, घात लगाकर बैठे तीन शूटरों ने गाड़ी को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। इस हमले में गाड़ी में सवार सभी सात युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। कीर्तिमान को गर्दन और पैर में कुल तीन गोलियां लगी थीं। उसे सबसे पहले उपचार के लिए रोहतक पीजीआई ले जाया गया था, लेकिन स्थिति नाजुक होने के कारण उसे गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल रेफर करना पड़ा, जहां अंततः उसकी जान चली गई।
6 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस की कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए डीएसपी साहिल कुमार ने बताया कि अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। घटना के अगले ही दिन यानी 7 अगस्त को साहुवास निवासी प्रीत और सांगा निवासी युद्धवीरेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया गया था, जिन्हें अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। इसके बाद कलियाणा निवासी रोहित उर्फ कल्याणा और रावलधी निवासी सचिन उर्फ रोट की भी गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने मामले में अब छठे आरोपी, फतेहगढ़ निवासी विश्वजीत उर्फ ढिल्लू को भी अपनी हिरासत में ले लिया है। मुख्य साजिशकर्ता माने जा रहे रोहित कातिया से फिलहाल पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा रही है, ताकि हमले के पीछे की पूरी साजिश, हथियारों के स्रोत और इस्तेमाल की गई गाड़ियों की जानकारी जुटाई जा सके।
फरार शूटरों के लिए छापेमारी जारी
पुलिस ने इस गैंगवार को बेहद गंभीरता से लिया है। डीएसपी साहिल ढिल्लो के अनुसार, इस पूरी वारदात को अंजाम देने वाले तीन मुख्य शूटर अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस की करीब आधा दर्जन टीमें लगातार अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि न केवल शूटरों को पकड़ा जाएगा, बल्कि घटना में उपयोग किए गए हथियारों और वाहनों की बरामदगी भी सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस सभी तकनीकी पहलुओं और आपराधिक कनेक्शनों की गहराई से जांच कर रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
https://hindi.news18.com/news/haryana/charkhi-dadri-charkhi-dadri-firing-injured-kirtiman-dies-murder-charge-added-6-arrested-local18-ws-l-10735026.html