राजस्थान का चिकित्सा महकमा उस समय सतर्क हो गया जब जयपुर एयरपोर्ट पर युगांडा से पहुंची एक महिला यात्री में इबोला से मिलते-जुलते संदिग्ध लक्षण देखे गए। एहतियात के तौर पर पूरे स्वास्थ्य तंत्र को हाई अलर्ट पर रखा गया है और संक्रमण की किसी भी आशंका को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।
महिला आइसोलेशन वार्ड में निगरानी में
संदिग्ध लक्षण सामने आने के बाद महिला को आरयूएचएस अस्पताल में बनाए गए विशेष अंतरराष्ट्रीय प्रोटोकॉल वाले आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। यहां उसे कड़ी चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है, ताकि उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सके।
सैंपल पुणे लैब भेजे गए
बीमारी की पुष्टि के लिए महिला के सैंपल पुणे स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं। इन्हीं नमूनों की जांच रिपोर्ट से यह तय होगा कि महिला वास्तव में इबोला से संक्रमित है या नहीं। इसके साथ ही उसके साथ यात्रा कर रहे अन्य सह-यात्रियों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग भी की जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग की लोगों से अपील
केंद्र सरकार की एडवाइजरी के बीच स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। विभाग का कहना है कि सुरक्षा और बचाव के सभी पुख्ता इंतजाम पहले ही कर लिए गए हैं, इसलिए घबराने की जरूरत नहीं है।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/jaipur-ebola-virus-suspected-case-jaipur-airport-uganda-woman-ruhs-isolation-10544234.html